
पूरनपुर, अमृत विचार। 25 केवीए की क्षमता वाले बिजली ट्रांसफार्मर पर तीन सौ उपभोक्ताओं के कनेक्शन जोड़ दिए गए। कम क्षमता का ट्रांसफार्मर होने से करीब आठ दर्जन घरों की बिजली पिछले छह माह से ठप है। इससे उनको दिक्कत उठानी पड़ रही है। आरोप है कि विभागीय अधिकारी इस समस्या की तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। उनकी लापरवाही का खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की गई है।
हर घर बिजली होने का दावा किया जा रहा है लेकिन पूरनपुर तहसील क्षेत्र के गांव चंदिया हजारा के मझरा राहुलनगर मजदूर बस्ती में 90 घरों में बिजली नहीं है। इसकी बजह कम क्षमता का ट्रांसफार्मर होना बताई जा रही है। ग्राम पंचायत के प्रशासक वासुदेव कुंडू ने जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में कहा कि 25 केवीए के बिजली ट्रांसफार्मर पर तीन सौ उपभोक्ताओं के घर का कनेक्शन कर दिया गया। इनमें 90 घरों में पिछले छह माह से बिजली सप्लाई पूरी तरह से ठप है। भीषण गर्मी में ग्रामीणों को अंधेरे में रहना पड़ता है।
अन्य कई दिक्कतें भी उठानी पड़ती हैं। इस समस्या को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों को पत्र भी दिए गए लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इससे लोगों में आक्रोश है। ज्ञापन में कनेक्शन के हिसाब से उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर रखवाने की मांग की गई है। उपभोक्ताओं ने जल्द बिजली संबंधी इस समस्या का निस्तारण न होने पर उपकेंद्र पर धरना प्रदर्शन करने की भी चेतावनी दी है।