
कुंडा/प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ के कुंडा कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में गर्भवती महिला और उसके चार वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
चौसा के पास ईरिक्शा से हुई आमनेसामने की टक्कर
मानिकपुर थाना क्षेत्र के गोतनी गांव निवासी हरिश्चंद्र अपनी 26 वर्षीय गर्भवती पत्नी बीनू और चार वर्षीय बेटे युवराज के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान कुंडा कोतवाली क्षेत्र के चौसा गांव के पास सामने से आ रहे ईरिक्शा से उनकी बाइक की आमनेसामने जोरदार टक्कर हो गई।
अस्पताल में मांबेटे ने तोड़ा दम
हादसे में गर्भवती बीनू और मासूम युवराज गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन दोनों को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल हरिश्चंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल, प्रयागराज रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने ईरिक्शा कब्जे में लिया
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुंडा के प्रभारी निरीक्षक मनोज पांडेय ने बताया कि ईरिक्शा को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। गर्भवती महिला और उसके मासूम बेटे की एक साथ मौत से परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।