Raebareli News : पूर्व प्रधान के घर से गांजा की खेप हटाते युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा, 27 किलो गांजा बरामद

Raebareli News : पूर्व प्रधान के घर से गांजा की खेप हटाते युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा, 27 किलो गांजा बरामद
Raebareli News : पूर्व प्रधान के घर से गांजा की खेप हटाते युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा, 27 किलो गांजा बरामद

रायबरेली। ऊंचाहार क्षेत्र के कांजी का पुरवा मजरे कमालपुर गांव में ग्रामीणों की सतर्कता से गांजा तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। पूर्व प्रधान के घर से गांजा की खेप हटाकर ले जा रहे चार लोगों का ग्रामीणों ने पीछा किया। इस दौरान तीन आरोपी फरार हो गए, जबकि एक युवक को 27 किलोग्राम गांजा के साथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, कांजी का पुरवा गांव लंबे समय से गांजा के अवैध कारोबार को लेकर चर्चा में रहा है। बीते मार्च माह में बाराबंकी से आई एंटी नारकोटिक्स टीम ने गांव के पूर्व प्रधान धर्मेंद्र सिंह उर्फ गुड्डू पटेल और उसके साथियों को भारी मात्रा में गांजा के साथ गिरफ्तार किया था।

इसके बाद सलोन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की थी। बुधवार को गैंगस्टर मामले में पूर्व प्रधान गुड्डू पटेल को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

ग्रामीणों ने दिखाई सतर्कता

बताया जा रहा है कि पूर्व प्रधान के घर में रखी गांजा की खेप को बुधवार देर रात हटाया जा रहा था। चार लोग बाइक पर गांजा की बोरियां लेकर निकल रहे थे, तभी ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई। ग्रामीणों ने चारों का पीछा किया, जिसमें तीन आरोपी गांजा लेकर फरार हो गए, जबकि तिसु गुप्ता नामक युवक को पकड़ लिया गया।

27 किलो गांजा बरामद, पुलिस कर रही पूछताछ

ग्रामीणों ने युवक की तलाशी ली तो उसके पास मौजूद बोरी से करीब 27 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद डायल 112 पर सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने गांजा और आरोपी को कब्जे में लेकर ऊंचाहार कोतवाली पहुंचाया। पकड़ा गया आरोपी प्रयागराज जिले के बलापुर का निवासी बताया जा रहा है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

सलोन कोतवाल बालेंदु गौतम ने बताया कि पूर्व प्रधान गुड्डू पटेल को गैंगस्टर एक्ट के मामले में पहले ही जेल भेजा जा चुका है। वहीं ऊंचाहार कोतवाल ओपी राय ने बताया कि गांजा के साथ पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश के साथ पूरे मामले की जांच जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *