
अमृत विचार, डिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी मामले को लेकर कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन पूरे मंदिर ट्रस्ट या संस्था को कटघरे में खड़ा करना उचित नहीं है।
सतीश महाना ने कहा, “मैं शुरू से राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़ा रहा हूं। आज जो इतना बड़ा मंदिर खड़ा है, उसमें लोगों का त्याग, समर्पण और बलिदान लगा हुआ है।” उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग पहले ‘जय श्री राम’ कहने से परहेज करते थे और कहते थे कि वहां मस्जिद बनी रहनी चाहिए, आज वही लोग इस मामले पर सबसे ज्यादा चिंता जता रहे हैं।
महाना ने कहा, “जिन लोगों ने चोरी की है, उनकी पैरवी कोई नहीं कर रहा है। वे सभी लोग पकड़े गए हैं। सभी चाहते हैं कि उनके खिलाफ कार्रवाई हो। मगर उस संस्था से जुड़े सभी लोगों को कटघरे में खड़ा करना अनुचित है।” उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में दोषी व्यक्तियों पर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन कुछ लोगों की कथित करतूत के आधार पर पूरे संगठन या संस्था की छवि पर सवाल उठाना सही नहीं है।