
लखनऊ/पटना। सावन माह की शुरुआत गुरुवार से हो गई। पहले ही दिन उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से लेकर बिहार तक शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह तड़के से ही भक्त भगवान शिव के जलाभिषेक और पूजाअर्चना के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे।
मंदिर परिसर ‘हरहर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंज उठे। लखनऊ के मनकामेश्वर, बुद्धेश्वर, कोनेश्वर, सिद्धनाथ और चंद्रिका देवी मंदिर परिसर स्थित शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। भक्तों ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुखसमृद्धि और खुशहाली की कामना की।
महापौर ने किया भगवान शिव का पूजन
लखनऊ की महापौर सुषमा खड़कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने भी चौक स्थित कोनेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की पूजाअर्चना की और प्रदेशवासियों के सुखसमृद्धि की प्रार्थना की।
मंदिरों में सुरक्षा और सुविधाओं के विशेष इंतजाम
सावन में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने प्रमुख शिवालयों में बैरिकेडिंग, महिलाओं और पुरुषों के लिए अलगअलग कतारें, पेयजल, चिकित्सा सहायता केंद्र और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। साथ ही रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय जाप, भजनकीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
बिहार में भी गूंजा ‘बोल बम’
बिहार में भी सावन की शुरुआत पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ हुई। राज्यभर के शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने गंगाजल, दूध, दही, शहद, पंचामृत, बेलपत्र, चंदन और धतूरा अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। मंदिरों में शिव चालीसा, रुद्राष्टक, पंचाक्षर स्तोत्र, महामृत्युंजय मंत्र और शिव गायत्री मंत्र का जाप किया गया। घरों और मंदिरों में ‘ॐ नम शिवाय’, ‘हरहर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा।
3 अगस्त को पहला सावन सोमवार
इस वर्ष सावन का पहला सोमवार 3 अगस्त को पड़ेगा। इसे लेकर प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। वहीं, कई सामाजिक संगठनों ने श्रद्धालुओं के लिए सेवा शिविर भी लगाए हैं।
पूजा सामग्री के बाजारों में बढ़ी रौनक
सावन की शुरुआत के साथ ही लखनऊ सहित कई शहरों के बाजारों में पूजा सामग्री की खरीदारी बढ़ गई है। फूल, बेलपत्र, रुद्राक्ष, धतूरा, भांग और पूजन सामग्री की दुकानों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिल रही है। सावन का पवित्र महीना शुरू होते ही पूरे उत्तर भारत में शिवभक्ति का रंग नजर आने लगा है और मंदिरों में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है।