
शाहजहांपुर, अमृत विचार। जनपद में एक बाइक मिस्त्री की मौत के बाद भारी हंगामा खड़ा हो गया है। सोलर प्लेट चोरी के आरोप में पुलिस द्वारा कथित रूप से पीटे जाने से आहत होकर युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह गुस्साए परिजनों ने तिलहरनिगोही मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। परिजन दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
नवियापुर सतनुआ गांव के रहने वाले उमेश वर्मा डडिया बाजार स्थित एक दुकान पर बाइक मिस्त्री का काम करते थे। मृतक के बड़े भाई सर्वेश के मुताबिक, 2 अगस्त को गांव के ही राममूर्ति ने उमेश पर सोलर प्लेट चोरी करने का झूठा आरोप लगाया था और बिरसिंगपुर पुलिस चौकी में तहरीर दी थी। पुलिस उसी दिन उमेश को पूछताछ के लिए चौकी ले गई थी। बताया जा रहा है कि पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए उमेश ने नई प्लेट या उसके पैसे देने की बात मान ली थी, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया।
पुलिस की पिटाई से आहत होकर आत्महत्या का आरोप
स्वजनों का गंभीर आरोप है कि जब पुलिसकर्मी उमेश को पूछताछ के लिए चौकी पर ले गए थे, तो वहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। पुलिस की इस प्रताड़ना और झूठे आरोप से आहत होकर उमेश ने बुधवार रात गांव से कुछ दूर फांसी के फंदे पर लटककर जान दे दी।
5 लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज
इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने गांव के ही राममूर्ति और उसके चार बेटों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। गुरुवार शाम को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर घर पहुंचे थे, लेकिन देर होने के कारण अंतिम संस्कार नहीं किया। शुक्रवार सुबह आक्रोशित परिजनों ने शव को तिलहरनिगोही मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया।
समझाने में जुटे अफसर और विधायक
जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। एएसपी दिक्षा भंवरे और सीओ विदुश सक्सेना भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित भीड़ को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं और बिना ठोस कार्रवाई के जाम खोलने को तैयार नहीं हैं। क्षेत्रीय विधायक सलोना कुशवाहा भी मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराने का प्रयास कर रही हैं। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस मुस्तैद है।
ये भी पढ़ें