SSC GD पेपर सॉल्वर नेटवर्क बेनकाब: 7 राज्यों के 30 सेंटरों पर ऑनलाइन सिस्टम हैक, गैंग ने कमाए 160 करोड़, FIR दर्ज​

SSC GD पेपर सॉल्वर नेटवर्क बेनकाब: 7 राज्यों के 30 सेंटरों पर ऑनलाइन सिस्टम हैक, गैंग ने कमाए 160 करोड़, FIR दर्ज​

SSC GD Exam Scam: एसएससी जनरल ड्यूटी कॉन्स्टेबल एग्जाम में फर्जीवाड़ा किया गया है. यूपी एसटीएफ की जांच में पता चला है कि कि सात राज्यों के 30 परीक्षा केंद्रों पर ऑनलाइन सिस्टम से छेड़छाड़ की गई. परीक्षा कराने वाली जो एजेंसी थी, उसने एग्जाम सेंटर्स को खुली छूट दे रखी थी. परीक्षा कराने वाली एजेंसी एडुक्विटी की सबवेंडर कंपनियों वेनसिसको और असेसइन्फ्रा ने केंद्र चुनने के लिए 45 लाख रुपये लिए, लेकिन कई केंद्रों को परीक्षा कराने का भुगतान नहीं किया गया.

केंद्रों के ऑडिट, सत्यापन और सुरक्षा मानकों में अनदेखी की बात भी सामने आई है. सॉल्वर और पेपर लीक गिरोह ने इसका लाभ उठाया. गिरोह परीक्षा केंद्रों तक अपनी पहुंच बनाने में सफल हो गया था. एक अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, एसएससी कॉन्स्टेबल जीडी परीक्षा में पेपर लीक और सॉल्वर गिरोह ने सात राज्यों के 30 सेंटरों के करीब 4000 अभ्यर्थियों को परीक्षा का प्रश्न पत्र हल करवाया. इस मामले में मुख्य हैकर अमित राणा की गिरफ्तारी 22 मई को की गई थी.

431 परीक्षाओं का भुगतान बाकी था

यूपी एसटीएफ ने असेसइन्फ्रा टेक्नॉलजी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक गगनदीप शर्मा और यादवेन्द्र सिंह को भी मामले में आरोपी बनाते हुए 22 सितंबर को गिरफ्तार किया था. एडुक्विटी ने असेसइन्फ्रा को एसएससी परीक्षाओं के एवज में 75 प्रतिशत भुगतान कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद उससे जुड़े परीक्षा केंद्रों की 431 परीक्षाओं का भुगतान बाकी था. इसके अलावा 117 केंद्रों का पैसा रोका गया था.

इन 117 में 23 केंद्रों के नाम सॉल्वर गैंग के मुख्य हैकर अमित राणा की चैट में मिले केंद्रों या सीडैक के कम्प्रोमाइज्ड लॉग वाले 30 केंद्रों से मेल खाते हैं. ग्रेटर नोएडा के बालाजी डिजिटल जीन केंद्र से एसटीएफ ने पूरे नेटवर्क का खुलासा किया. इस केंद्र ने कुल 20 परीक्षाएं कराई, जिनमें 16 एसएससी की थीं. इस केंद्र का कुल बिल 22 लाख 69 हजार 325 रुपये बना, लेकिन भुगतान सिर्फ 4,127 रुपये किया गया.

सॉल्वर गैंग ने 160 करोड़ कमाए थे

अनुमान है कि सात राज्यों में हुई एक परीक्षा से सॉल्वर गैंग ने 160 करोड़ कमाए थे. प्रॉक्सी सर्वर, मॉडिफाइड टीएफटी और रिमोट एक्सेस जैसी तकनीकों के उपयोग के सबूत इसी केंद्र से प्राप्त हुए. जिन केंद्रों पर नकल का नेटवर्क सक्रिय था, वहां जानबूझकर सूरक्षा के जरूरी इंतजाम नहीं किए गए. एसटीएफ इस मामले में अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. जांच के बाद 30 परीक्षा केंद्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है.

इस पूरे मामले पर एसएससी के चेयरमैन एस. गोपालकृष्णन ने कहा है कि यूपी पुलिस की जांच में जो तथ्य पता चले हैं और जिन जिन उम्मीदवारों पर नकल करने के आरोप साबित हुए हैं, उनको परीक्षा से बाहर कर दिया गया है. गोपालकृष्णन ने कहा कि उन उम्मीदवारों पर कार्रवाई की गई है, जो नकल के नए नए तरीके अपनाते हैं. आने वाले समय में भी जो उम्मीदवार पुलिस जांच में शक के घेरे में होंगे, उन पर एक्शन लिया जाएगा.

ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *