
सुलतानपुर, अमृत विचार। परिषदीय विद्यालयों में छात्रछात्राओं को पौष्टिक एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराने के लिए किचेन गार्डन, एमडीएम शेड और तिथि भोजन जैसी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। विद्यालयों में विकसित किचेन गार्डन में स्थानीय व हरी सब्जियों का उत्पादन कर उनका उपयोग मध्यान्ह भोजन में किया जा रहा है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं।
बच्चों के साथ बैठकर बीईओ ने चखा एमडीएम
शिक्षक किचेन गार्डन की देखभाल के साथ बच्चों को भी इससे जोड़ रहे हैं। विद्यालयों में स्वच्छता और भोजन व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। तिथि भोजन के तहत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग बच्चों के साथ भोजन कर सामुदायिक सहभागिता बढ़ा रहे हैं। अधिकारियों के बच्चों के साथ भोजन करने से एमडीएम की गुणवत्ता, स्वच्छता और वितरण व्यवस्था का प्रत्यक्ष अवलोकन भी हो रहा है।
बीएसए ने दिए प्रभावी संचालन के निर्देश
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों व प्रधानाध्यापकों को किचेन गार्डन, एमडीएम शेड, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन व्यवस्था तथा तिथि भोजन गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
इन प्रयासों का उद्देश्य बच्चों के पोषण स्तर में सुधार और विद्यालयों में स्वस्थ वातावरण के साथ सामुदायिक सहभागिता बढ़ाना है। बीएसए ने बताया कि गुरुवार को सभी बीईओ से विद्यालयों में एमडीएम की व्यवस्था की जांच कराई गई। कई विद्यालयों में तिथि भोजन बनने पर बच्चों के साथ बैठकर बीईओ ने भी एमडीएम चखा।