
लंभुआ,सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र में वाराणसी से अयोध्या जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा भिड़ी। हादसे में करीब एक दर्जन दर्शनार्थी घायल हो गए, जबकि पांच गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मदनपुर पनियार गांव के पास हुआ हादसा
यह दुर्घटना लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र के मदनपुर पनियार गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्भुआ पहुंचाया गया, जहां सभी का प्राथमिक उपचार किया गया।
बस में चालक समेत 15 लोग थे सवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टूरिस्ट बस में चालक सहित कुल 15 लोग सवार थे। यात्रियों में दो बच्चे भी शामिल थे। सभी श्रद्धालु मध्य प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं और अयोध्या में दर्शन के लिए जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार के कारण बस चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस डिवाइडर से टकराकर बिजली के खंभे से जा भिड़ी।
पांच श्रद्धालुओं को जिला अस्पताल किया गया रेफर
सीएचसी लम्भुआ में प्राथमिक उपचार के बाद पांच गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। अन्य घायलों का उपचार सीएचसी में जारी है।
प्रशासन और पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे की जानकारी मिलते ही उप जिलाधिकारी लम्भुआ मौके पर पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। वहीं एडिशनल एसपी ने अस्पताल पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से घायलों की स्थिति की जानकारी ली।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल से लेकर अस्पताल तक मौजूद रहे। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। दुर्घटनाग्रस्त बस को हटवाकर हाईवे पर यातायात सामान्य कराया गया।
राजस्व विभाग भी पहुंचा मौके पर
दुर्घटना की रिपोर्ट तैयार करने के लिए नायब तहसीलदार अभय राजपाल समेत राजस्व विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और घायलों की जानकारी जुटाई।
फिलहाल पुलिस ने बस को अपने कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।