
सुलतानपुर। भदैया ब्लॉक के पखरौली स्थित कंपोजिट विद्यालय के बाहर मंगलवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में कक्षा एक की छह वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। घटना के बाद विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और बच्चों की निगरानी को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अश्वनी , पुत्री दिनेश कुमार, निवासी फतेपुर, मंगलवार सुबह करीब 11:15 बजे विद्यालय के मुख्य गेट के सामने से गुजर रहे सामान से लदे एक ईरिक्शा की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के तुरंत बाद विद्यालय के शिक्षक बच्ची को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ईरिक्शा चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बेसिक शिक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे और विद्यालय की बाउंड्री व मुख्य प्रवेश द्वार की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका कविता कनौजिया भी जिला अस्पताल पहुंचीं।
बताया गया कि छात्रा अश्वनी का विद्यालय में प्रवेश महज चार दिन पहले ही कक्षा एक में हुआ था।
खंड शिक्षा अधिकारी शिवशंकर मिश्र ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि विद्यालय समय के दौरान छात्रा स्कूल परिसर से बाहर कैसे पहुंची।