
लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान ने नया कीर्तिमान बनाया है। मार्च 2026 में शुरू हुए अभियान के तहत अब तक 1415 वर्ष आयु वर्ग की चार लाख से अधिक किशोरियों को एचपीवी का टीका लगाया जा चुका है। प्रदेश सरकार ने 24 लाख पात्र किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित घोष ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी टीकाकरण एक प्रभावी सार्वजनिक स्वास्थ्य पहल है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी भ्रांति में न पड़ें और अपनी पात्र बेटियों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं।
अंबेडकरनगर सबसे आगे, बरेली दूसरे स्थान पर
राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय गुप्ता ने बताया कि अभियान में अंबेडकरनगर सबसे आगे है, जहां 18,499 किशोरियों का टीकाकरण हुआ। इसके बाद बरेली , हाथरस , सिद्धार्थनगर और सुल्तानपुर का स्थान है। जिन जिलों में प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष रणनीति के तहत अभियान तेज किया जा रहा है।
निशुल्क उपलब्ध है एचपीवी टीका
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के महाप्रबंधक डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है और समय पर लगाया गया टीका इससे बचाव का सुरक्षित एवं प्रभावी माध्यम है। जिला अस्पतालों से लेकर स्वास्थ्य उपकेंद्रों तक पात्र किशोरियों के लिए यह टीका निशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। अभियान से पहले स्वास्थ्यकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया तथा अभिभावकों में जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान भी चलाया गया है।
इनपुड : पद्माकर पांडेय/राज्य ब्यूरो