
लखनऊ, अमृत विचार: भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश ने संगठन को और सक्रिय करने के लिए छह क्षेत्रीय प्रभारियों और सात मोर्चों के प्रभारियों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने प्रदेश महामंत्रियों और प्रदेश उपाध्यक्षों को अलगअलग क्षेत्रों और मोर्चों की जिम्मेदारी सौंपी है। नई जिम्मेदारियों के जरिए क्षेत्रीय संगठन और विभिन्न मोर्चों की गतिविधियों में समन्वय को और प्रभावी बनाने की तैयारी है।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से जारी सूची के अनुसार प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान को पश्चिम क्षेत्र, प्रदेश महामंत्री गीता शाक्य को ब्रज, प्रदेश महामंत्री शंकर लोधी को कानपुर, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल को अवध और प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह को काशी क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। वहीं प्रदेश महामंत्री अभिजात मिश्रा को गोरखपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है।
सात मोर्चों के भी प्रभारी तय
भाजपा ने विभिन्न मोर्चों की जिम्मेदारी भी प्रदेश पदाधिकारियों को सौंपी है। प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी को युवा मोर्चा, प्रदेश महामंत्री संजय राय को पिछड़ा मोर्चा और प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह को अनुसूचित मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है। इसी तरह प्रदेश उपाध्यक्ष कामेश्वर सिंह को महिला मोर्चा, डॉ. प्रियंका रावत को अनुसूचित जनजाति मोर्चा, देवेश कोरी को अल्पसंख्यक मोर्चा तथा शंकर गिरी को किसान मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है।
मुख्यालय और अन्य प्रभार भी तय
भाजपा ने क्षेत्र और मोर्चों के अलावा मुख्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी भी तय की है। पार्टी की सूची के अनुसार पूर्व प्रदेश महामंत्री एवं एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ला को मुख्यालय प्रभारी बनाया गया है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इसके अलावा प्रदेश मंत्री यतेन्द्र शर्मा को मीडिया प्रभारी, प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर को विस्तारक योजना , प्रदेश उपाध्यक्ष अर्चना मिश्रा को ‘मन की बात’ और प्रदेश मंत्री राहुल वाल्मीकि को ‘मन की बात’ की जिम्मेदारी दी गई है।