UP Tourism News : धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास पर 1,198 करोड़ खर्च, 575 परियोजनाओं पर शुरू हुआ काम

UP Tourism News : धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास पर 1,198 करोड़ खर्च, 575 परियोजनाओं पर शुरू हुआ काम

लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश सरकार ने पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए 1,198.41 करोड़ रुपये की लागत वाली 575 परियोजनाओं पर काम शुरू कर दिया है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने सोमवार को बताया कि वित्तीय वर्ष 202526 में राज्य सेक्टर के तहत स्वीकृत इन परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के साथ आधारभूत ढांचे का विकास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि आगरा में छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय, लखनऊ में नौसेना शौर्य संग्रहालय, फर्रुखाबाद के संकिसा में विपश्यना ध्यान केंद्र एवं पर्यटक सुविधा केंद्र, महोबा के सूर्य मंदिर इंटरप्रिटेशन सेंटर में प्लेनेटोरियम तथा सीतापुर के नैमिषारण्य धाम में वेदारण्यम की स्थापना का कार्य शुरू हो चुका है।

पर्यटन मंत्री के अनुसार, वाराणसी के भारत माता मंदिर, काल भैरव मंदिर, संकटमोचन मंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर और दुर्गा मंदिर के साथ अस्सी घाट, पंचगंगा घाट और दशाश्वमेध घाट पर फसाड लाइटिंग कराई जा रही है।

इसके अलावा हापुड़ के ब्रजघाट, फिरोजाबाद के सामौर बाबा धाम, बलिया के महर्षि भृगु आश्रम, बदायूं के कछला गंगा घाट, बस्ती के भदेश्वरनाथ मंदिर, बिजनौर की विदुर कुटी, कन्नौज के मेहंदी घाट, कासगंज के सोरों तीर्थ, मथुरा के वृंदावन परिक्रमा मार्ग, मेरठ के हस्तिनापुर और संतकबीरनगर के तामेश्वरनाथ मंदिर में भी पर्यटन विकास कार्य कराए जाएंगे।

जयवीर सिंह ने कहा कि सभी कार्यदायी संस्थाओं और विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजनाओं के निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *