UP Weather Alert: पूरे यूपी में बारिश का कहर, CM योगी सख्त; 24 घंटे में मुआवजा देने के निर्देश, अधिकारी फील्ड में उतरें

UP Weather Alert: पूरे यूपी में बारिश का कहर, CM योगी सख्त; 24 घंटे में मुआवजा देने के निर्देश, अधिकारी फील्ड में उतरें
UP Weather Alert: पूरे यूपी में बारिश का कहर, CM योगी सख्त; 24 घंटे में मुआवजा देने के निर्देश, अधिकारी फील्ड में उतरें

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाओं के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थिति का संज्ञान लेते हुए प्रशासन को तत्काल राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अतिवृष्टि, बिजली गिरने और अन्य बारिश संबंधी घटनाओं से हुई जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान का शीघ्र आकलन कर 24 घंटे के भीतर पात्र लोगों को मुआवजा उपलब्ध कराने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में जाकर प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने, पीड़ित परिवारों से संवाद स्थापित करने और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने हादसों में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

बारिश से कई जिलों में जानमाल का नुकसान

बीते दिनों हुई बारिश से जुड़े अलगअलग हादसों में कम से कम आठ लोगों की मौत हुई है। अधिकारियों के अनुसार, ये घटनाएं संत कबीर नगर, कुशीनगर, बुलंदशहर, शामली और गाजियाबाद में सामने आईं।

संत कबीर नगर में खेतों में काम कर रही चांदनी और वर्षाना की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। प्रशासन ने सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है।

कुशीनगर में किशोर की मौत

कुशीनगर के विशनपुरा थाना क्षेत्र के थडीभर गांव में राहुल कुमार की खेत की मेड़ पर खड़े होने के दौरान बिजली गिरने से मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

बुलंदशहर में दीवार गिरने से तीन की जान गई

खुर्जा क्षेत्र के मूंडाखेड़ा गांव में भारी बारिश के बाद दीवार गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

शामली और गाजियाबाद में भी हादसे

शामली के थानाभवन कस्बे में टिन शेड की दीवार गिरने से 49 वर्षीय शाहिद की मौत हो गई, जबकि उनके दो बेटे गंभीर रूप से घायल हुए।

गाजियाबाद की सर्वोदय कॉलोनी में घर के बाहर पानी से भरे नाले में गिरने से तीन वर्षीय पल्लवी की डूबकर मौत हो गई। प्रशासन ने नियमानुसार सहायता देने की बात कही है।

11 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 11 जुलाई तक पूरे उत्तर प्रदेश में व्यापक बारिश जारी रहने की संभावना है। अगले दो से तीन दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और बदायूं सहित कई जिलों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

गाजियाबाद, नोएडा और प्रयागराज में जलभराव

लगातार बारिश से गाजियाबाद, नोएडा और प्रयागराज में जनजीवन प्रभावित हुआ। गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर13 में सड़क धंसने से एक कार, स्कूटर और बिजली का खंभा गड्ढे में गिर गया।

नोएडा के कई इलाकों में घुटनों तक पानी भरने से वाहन खराब हुए और लंबे ट्रैफिक जाम लगे। सेक्टर33 स्थित परिवहन विभाग कार्यालय भी जलमग्न हो गया। प्रयागराज के सिविल लाइंस थाना और महिला थाना परिसर में भी जलभराव की स्थिति बनी रही। मुजफ्फरनगर के भोकाहेरी गांव में कच्चा मकान गिरने से 20 बकरियों की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *