
ग्लासगो/नई दिल्ली: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई है। भारतीय सेना में नायब सूबेदार के पद पर तैनात गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही वह इस स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए।
गुलवीर सिंह की सफलता केवल एक पदक की कहानी नहीं है, बल्कि संघर्ष, अनुशासन और लगातार मेहनत का परिणाम है। खास बात यह है कि उन्होंने दौड़ने की शुरुआत किसी बड़े खेल लक्ष्य के लिए नहीं, बल्कि भारतीय सेना में भर्ती होने के उद्देश्य से की थी।
CM योगी ने दी बधाई
सीएम योगी ने गुलवीर सिंह को बधाई देते हुए एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि ”राष्ट्रमंडल खेल2026 में पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाने वाले उत्तर प्रदेश के सपूत एवं नायब सूबेदार गुलवीर सिंह जी को हार्दिक बधाई! आपकी यह ऐतिहासिक उपलब्धि अथक परिश्रम, अनुशासन एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश एवं देश को आप पर गर्व है।” उन्हें उज्ज्वल भविष्य की अनंत मंगलकामनाएं भी दीं।
https://twitter.com/myogiadityanath/status/2082279057010606423?s=20
सेना में भर्ती का सपना बना खेल करियर की नींव
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के सिरसा गांव के रहने वाले 27 वर्षीय गुलवीर सिंह ने युवावस्था में सेना में भर्ती होने के लिए दौड़ना शुरू किया। उनकी मेहनत रंग लाई और 2018 में भारतीय सेना की प्रतिष्ठित ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट में उनका चयन हो गया।
सेना में भर्ती के बाद भी उन्होंने दौड़ का अभ्यास नहीं छोड़ा। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। नियमित प्रशिक्षण और बेहतर प्रदर्शन के दम पर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला।
एशियन गेम्स से कॉमनवेल्थ तक का शानदार सफर
गुलवीर सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। 2022 एशियन गेम्स में उन्होंने 10,000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर अपनी पहचान बनाई।
इसके बाद 2023 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 5,000 मीटर स्पर्धा में भी कांस्य पदक हासिल किया। अब कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में रजत जीतकर उन्होंने अपने करियर की एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज की है।
राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी हैं गुलवीर के नाम
गुलवीर सिंह भारत के सबसे सफल लंबी दूरी के धावकों में शामिल हैं। उनके नाम 10,000 मीटर, 5,000 मीटर, हाफ मैराथन और एक मील दौड़ के राष्ट्रीय रिकॉर्ड दर्ज हैं।
साल 2026 में उन्होंने हाफ मैराथन को 59 मिनट 42 सेकेंड में पूरा कर एक नया इतिहास रचा। वह एक घंटे से कम समय में हाफ मैराथन पूरी करने वाले पहले भारतीय धावक बने।
इसके अलावा 2025 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने 5,000 मीटर और 10,000 मीटर दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते थे।
मई 2026 में अमेरिका में आयोजित म्यूजिक सिटी कार्निवल में उन्होंने चार मिनट से कम समय में एक मील की दौड़ पूरी कर एक और राष्ट्रीय उपलब्धि अपने नाम की।
देश के युवाओं के लिए प्रेरणा बने गुलवीर
सेना में भर्ती के लिए शुरू हुई दौड़ आज गुलवीर सिंह को अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का गौरव बढ़ाने वाले एथलीट के रूप में स्थापित कर चुकी है। उनका सफर इस बात का उदाहरण है कि दृढ़ संकल्प और लगातार मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
गुलवीर सिंह की प्रमुख उपलब्धियां
- कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 10,000 मीटर में रजत पदक
- 10,000 मीटर में कॉमनवेल्थ गेम्स का रजत जीतने वाले पहले भारतीय
- एशियन गेम्स 2022 10,000 मीटर में कांस्य पदक
- एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 5,000 मीटर में कांस्य पदक
- एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 5,000 और 10,000 मीटर में स्वर्ण पदक
- 2026 एक घंटे से कम समय में हाफ मैराथन पूरी करने वाले पहले भारतीय
- 2026 चार मिनट से कम समय में एक मील दौड़ पूरी करने वाले पहले भारतीय
- 10,000 मीटर, 5,000 मीटर, हाफ मैराथन और एक मील के राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी