पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ रहा है और बातचीत पूरी तरह से रुक गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को तबाह करने की नई धमकी दी है। वहीं ईरान बातचीत की मेज पर लौटने को तैयार नहीं है। खाड़ी देशों में भी लगातार हमले जारी हैं और युद्ध के पूरे क्षेत्र में फैलने की आशंका बनी हुई है।

अमेरिकी हवाई हमलों से ईरान में 30 से अधिक लोगों की मौत
ईरान पर अमेरिका द्वारा किए गए हवाई हमलों में हाल के दिनों में 30 से अधिक लोगों की मौत हुई है। यह जानकारी ईरानी सरकार की प्रवक्ता फातेमेह मोहाजेरानी ने बुधवार को दी। यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि रातभर हुए अमेरिकी हवाई हमलों में 260 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हालांकि, फातेमेह मोहाजेरानी ने यह साफ नहीं किया कि उन्होंने 30 से अधिक मौतों का आंकड़ा किस अवधि के दौरान में दिया है। अमेरिका और इस्राइल के साथ जारी संघर्ष के दौरान ईरान ने हताहतों के आंकड़े केवल सीमित अंतराल के साथ ही सार्वजनिक किए हैं।
गाजा में इस्राइली हवाई हमले में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
मध्य गाजा पट्टी के शहर दीर अलबलाह में एक घर पर इस्राइली हेलीकॉप्टर से किए गए हवाई हमले में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। मृतकों में छह साल की एक बच्ची भी शामिल है। बुधवार तड़के हुए इस हमले में एक परिवार के घर को सीधे निशाना बनाया गया। हमले में 33 वर्षीय उमर सामी अहमद अबू कासिम, उनकी पत्नी अस्मा गाजी अबू कासिम और उनकी छह वर्षीय बेटी हबीबा उमर सामी अबू कासिम की मौत हो गई। बताया गया कि इस हमले के बीच गाजा पट्टी के कई इलाकों में लगातार गोलाबारी और हवाई हमले जारी हैं।
अमेरिका ने ईरान में गेहूं भंडारण केंद्र पर किया हमला
ईरान के पश्चिमी खुजेस्तान प्रांत के होविजेह इलाके में अमेरिका ने एक गेहूं भंडारण केंद्र पर हमला किया है। प्रांत के उपगवर्नर ने सरकारी समाचार एजेंसी फार्स को यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, रात के समय हुए हमले में अमेरिकी मिसाइल ने गेहूं भंडारण केंद्र को प्रभावित किया। उन्होंने बताया कि इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
ईरान ने जॉर्डन पर दागी मिसाइलें
जॉर्डन ने बुधवार को दावा किया कि उसकी सेना ने उनके देश को निशाना बनाकर ईरान द्वारा दागी गई मिसाइलों को मार गिराया। इससे पहले तेहरान ने हमले की जिम्मेदारी ली थी। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर हमलों के बाद अमेरिका ने ईरान के खिलाफ दोबारा नौसैनिक नाकेबंदी लागू कर दी है। जॉर्डन की सेना ने सरकारी समाचार एजेंसी पेट्रा के जरिए जारी बयान में कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने ईरान की ओर से दागी गई तीनों मिसाइलों को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया।
अमेरिकी सेना ने बुधवार तड़के कहा कि उसने ईरान को निशाना बनाकर किए गए हमलों का अपना ताजा दौर पूरा कर लिया है। ये हमले ऐसे समय किए गए जब अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान पर दोबारा नौसैनिक नाकेबंदी लागू कर दी। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बताया कि यह सैन्य अभियान करीब सात घंटे तक चला। इस दौरान ईरान के मिसाइल और ड्रोन ठिकानों के साथसाथ तटीय रक्षा प्रणालियों और नौसैनिक संसाधनों को निशाना बनाया गया। वहीं, ईरान की ओर से फिलहाल इन हमलों में हुए किसी भी तरह के नुकसान या हताहतों की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
ईरान ने अमेरिकी नाकाबंदी को खारिज किया
ईरान ने समुद्री नाकाबंदी बहाल करने के अमेरिकी फैसले को सिरे से खारिज कर दिया है। ईरानी अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि किसी भी तरह का दबाव या सैन्य कार्रवाई तेहरान को बातचीत के लिए मजबूर नहीं कर सकती। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि वाशिंगटन का यह कदम क्षेत्र के संकट को और ज्यादा गहरा कर देगा।