CarDekho ला रही 3000 करोड़ का IPO, निवेश से पहले जान लीजिए कंपनी की पूरी डिटेल

CarDekho ला रही 3000 करोड़ का IPO, निवेश से पहले जान लीजिए कंपनी की पूरी डिटेल

ऑटोटेक सेक्टर की जानीमानी कंपनी कारदेखो जल्द ही शेयर बाजार में अपना बड़ा कदम रखने जा रही है. कारदेखो की पैरेंट कंपनी गिरनार सॉफ्टवेयर एक बड़े आईपीओ की तैयारी में जुट गई है. बाजार से जुड़ी रिपोर्ट्स की मानें तो कंपनी करीब 3,000 करोड़ रुपये का इश्यू लाने वाली है. जुलाई से सितंबर की तिमाही के बीच इसके लिए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस दाखिल किए जाने की उम्मीद है. इस कदम से कंपनी 13,000 करोड़ रुपये का भारीभरकम वैल्यूएशन हासिल करना चाहती है.

CarDekho ला रही 3000 करोड़ का IPO, निवेश से पहले जान लीजिए कंपनी की पूरी डिटेल

शेयर बाजार में दस्तक देने की तैयारी

.इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, इस इश्यू में निवेशकों के लिए दो तरह के विकल्प देखने को मिल सकते हैं. इसमें फ्रेश इश्यू के साथ ऑफर फॉर सेल दोनों को शामिल किए जाने की संभावना है. फ्रेश इश्यू का सीधा मतलब है कि कंपनी बाजार में नए शेयर उतारेगी, जिसका पैसा सीधे कंपनी के खाते में जाएगा. वहीं, ऑफर फॉर सेल के जरिए कंपनी के मौजूदा निवेशक अपनी हिस्सेदारी को बाजार में बेचकर मुनाफा बुक कर सकेंगे. हालांकि, इस आईपीओ का सटीक आकार, इसका पूरा स्ट्रक्चर, शेयर का प्राइस बैंड जैसी अहम जानकारियां तभी सामने आ पाएंगी, जब बाजार नियामक सेबी के पास आधिकारिक ड्राफ्ट दस्तावेज जमा किया जाएगा.

आईपीओ से जुटाए पैसों का क्या करेगी कंपनी

जब भी कोई कंपनी बाजार से हजारों करोड़ रुपये जुटाती है, तो निवेशकों के मन में पहला सवाल यही उठता है कि आखिर इन पैसों का होगा क्या. कारदेखो इस आईपीओ से मिलने वाली बड़ी रकम को अपने कारोबार के विस्तार में लगाने की योजना बना रही है. कंपनी का लक्ष्य अपने मौजूदा ऑपरेशंस का दायरा बढ़ाना है. भविष्य की विकास योजनाओं को तेज करने के लिए इस पूंजी का इस्तेमाल किया जाएगा. इसके अलावा, शेयर बाजार में एक बार लिस्ट हो जाने के बाद कंपनी के लिए एक बड़ा फायदा यह होगा कि जरूरत पड़ने पर भविष्य में भी पूंजी जुटाना काफी आसान हो जाएगा. इससे कंपनी की वित्तीय साख भी मजबूत होगी.

सिर्फ वाहन लिस्टिंग तक सीमित नहीं है कारोबार

शेयर बाजार में दांव लगाने से पहले किसी भी कंपनी का बिजनेस मॉडल समझना बेहद जरूरी होता है. आमतौर पर लोगों को लगता है कि कारदेखो सिर्फ एक ऐसी वेबसाइट है जहां नई या पुरानी कारें देखी जा सकती हैं. हकीकत में इसका दायरा बहुत बड़ा हो चुका है. यह एक पूरा डिजिटल ऑटोमोबाइल प्लेटफॉर्म है. नई कार के बारे में रिसर्च करने से लेकर, पुरानी कार को खरीदने या बेचने, उस पर फाइनेंस लेने, मोटर इंश्योरेंस कराने तक की सारी सुविधाएं यहां मिलती हैं. इतना ही नहीं, यह ऑटोमोबाइल रिसर्च करने से लेकर डीलर्स को तकनीकी समाधान भी मुहैया कराती है. आज के समय में यह केवल एक लिस्टिंग प्लेटफॉर्म भर नहीं है, बल्कि ऑटोमोबाइल सेक्टर का एक पूरा इकोसिस्टम बन चुका है.

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *