Hapur/Amroha Crime News: उत्तर प्रदेश के पश्चिमी अंचल से पतिपत्नी के पवित्र रिश्ते को तारतार करने वाले दो खौफनाक मामले सामने आए हैं. हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में प्रेमी संग आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े जाने के बाद पत्नी ने सो रहे पति पर दरांती से जानलेवा हमला बोल दिया. वहीं दूसरी तरफ, पड़ोसी जिले अमरोहा के नौगावां सादात इलाके में अवैध संबंधों के चलते एक हिस्ट्रीशीटर की चाकू से गोदकर और गला रेतकर हत्या कर दी गई.

पहला मामला हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र के एक गांव का है. पीड़ित पति ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2017 में हुई थी. उसे काफी समय से अपनी पत्नी के किसी अन्य युवक के साथ अवैध संबंध होने का अंदेशा था. शुक्रवार की देर रात पति ने अपनी पत्नी को घर के कमरे में ही प्रेमी के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया. पति ने तुरंत 112 नंबर पर डायल कर पुलिस को सूचित किया. मौके पर पहुंची पुलिस युवक को पकड़कर थाने ले गई, जबकि महिला को घर पर ही छोड़ दिया.
देर रात जब पीड़ित सो गया, तो पत्नी ने उसे हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की नीयत से दरांती से हमला कर दिया. पति के सीने और बाजू पर गंभीर चोटें आईं. उसने किसी तरह अपनी जान बचाई और कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी. थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच जारी है और सख्त कार्रवाई की जाएगी.
अवैध संबंधों का राज खुलने पर हिस्ट्रीशीटर की हत्या
दूसरी ओर, अमरोहा के नौगावां सादात थाना क्षेत्र में आम के बाग से एक युवक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ. कुमखिया के पास मुरादाबाद रोड स्थित आम के बाग में मिले शव की पहचान मुरादाबाद के डिलारी निवासी इदरीस के रूप में हुई. हत्यारों ने उसका गला तीन जगहों से रेता था और चेहरे पर चाकू से हमला किया था. पुलिस जांच में सामने आया कि इदरीस डिलारी थाने का हिस्ट्रीशीटर था और उस पर चोरी व नकबजनी के 15 केस दर्ज थे. वह 13 जुलाई को ही बिजनौर जेल से जमानत पर बाहर आया था.
पुलिस तफ्तीश में खुलासा हुआ कि अवैध संबंधों का राज खुलने के डर से एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और आरोपियों की तलाश में जुटी है.