एलडीए में नौकरी व ठेका दिलाने का झांसा देकर युवक से 50 लाख ठगे

एलडीए में नौकरी व ठेका दिलाने का झांसा देकर युवक से 50 लाख ठगे
एलडीए में नौकरी व ठेका दिलाने का झांसा देकर युवक से 50 लाख ठगे

कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ विकास प्राधिकरण में नौकरी व सरकारी ठेके दिलाने का झांसा देकर जालसाज मांबेटे ने परिचित से 50 लाख रुपये ऐंठ लिए। एलडीए कर्मी आरोपी महिला ने अपनी ऊंची पहुंच का रौब दिखाया और जाली नियुक्ति पत्र थमा दिया। पीड़ित ने विभाग जाकर जानकारी की तो फर्जीवाड़े का पता चला। रुपये वापस मांगने पर मुख्तार का करीबी बनकर धमकाया। प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद से शिकायत के बाद वजीरगंज पुलिस ने आरोपी मांबेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

ठाकुरगंज के बालागंज रज्जबगंज निवासी हमजा इस्लाम ने बताया कि वर्ष 2023 में वह इंटर की पढ़ाई कर रहा था। इसी दौरान एक रिश्तेदार के घर पर परिचित सुमायरा रब्बानी उर्फ परवीन व बेटे अली अब्दुल्लाह निवासी डब्ल्यूआर अपार्टमेंट जेपी बोस मार्ग लालबाग से मुलाकात हुई। एलडीए में कार्यरत सुमायरा व अली ने इंटर पास कर एलडीए में नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। नौकरी के लिए कुछ रुपये खर्च होने की बात कही। रिश्तेदारी होने के चलते पीड़ित ने 17 अक्टूबर 2023 को अली अब्दुल्लाह के खाते में 10 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रुपये मिलने के बाद सुमायरा ने कहा कि नियुक्ति पत्र मिलते ही वह उसे दे देगी। कुछ दिन बाद आरोपी ने कहा कि ठेकेदारी का पंजीकरण करा लो। एलडीए में कई बड़े टेंडर जारी हुई हैं। जब तक नौकरी नहीं मिलती, तब तक ठेकेदारी करते रहना। जैसे ही नियुक्ति पत्र मिल जाए तो दोनों काम साथ में कर लेना।

टेंडर का झांसा देकर आरोपी ने 40 लाख की मांग की। पीड़ित ने अपना मकान बेचकर फरवरी 2024 में मौलवीगंज निवासी दानिश के घर पर 40 लाख रुपये नकद दिए। पीड़ित का कहना है कि बीचबीच में सुमायरा बुलाकर कुछ कागजों पर साइन कराकर आश्वसत करती कि काम आगे बढ़ रहा है। कई माह बीतने के बाद भी कोई काम नहीं होने पर पीड़ित ने रुपये वापस मांगे। इसपर सुमायरा ने अगस्त 2024 में नियुक्ति पत्र दिया। कहा कि जब बोलेंगे तब पत्र लेकर एलडीए जाकर ज्वाइनिंग कर लेना। साथ ही पंजीकरण कराकर ठेका भी मिल जाएगा। काफी समय बीतने के बाद भी मांबेटे ने कोई जवाब नहीं दिया तो पीड़ित ने एलडीए जाकर छानबीन की। पता चला कि पत्र जाली था। नौकरी व ठेका न मिलने पर पीड़ित ने संपर्क कर अपने 50 लाख रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने टालमटोल की। पीड़ित ने घर पहुंचकर रुपये मांगे तो आरोपियों ने गालीगलौज कर मुख्तार अंसारी का करीबी बताकर अंजाम भुगतने की धमकी दी।

ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने प्रमुख सचिव गृह से मुलाकात कर शिकायत की। शुरुआती जांच में आरोप सही मिलने पर वजीरगंज पुलिस ने सुमायरा रब्बानी उर्फ परवीन व अली अब्दुल्लाह के खिलाफ जाली दस्तावेज के आधार पर धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश, गालीगलौज व धमकी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *