ऑटो से कूदी छात्रा: 7KM तक सहमी, जान बचाने की दर्दनाक कहानी

ऑटो से कूदी छात्रा: 7KM तक सहमी, जान बचाने की दर्दनाक कहानी
Featured Image

कंप्यूटर क्लास से लौटते समय छेड़खानी का शिकार हुई 19 साल की छात्रा की दर्दनाक कहानी. विरोध करने पर ऑटो चालक ने रफ्तार बढ़ाई, जिससे छात्रा को चलती गाड़ी से कूदना पड़ा. जान बचाने की ये पूरी दास्तान.

Bhojpur Auto Driver Case : भोजपुर में कंप्यूटर क्लास और ट्यूशन कर घर लौट रही 19 वर्षीय छात्रा के साथ ऑटो में कथित छेड़खानी और बदसलूकी का मामला सामने आया है. आरोप है कि विरोध करने पर ऑटो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी. इसके बाद छात्रा ने अपनी जान बचाने के लिए चलती ऑटो से छलांग लगा दी. घटना 26 सितंबर की बतायी जा रही है.

बारिश में घर लौट रही थी छात्रा

पीड़िता के पिता के अनुसार, भारी बारिश के बीच छात्रा कंप्यूटर क्लास खत्म कर घर लौट रही थी. साथ की अन्य लड़कियां अलग हो गयी थीं. इसी दौरान उसे गांव का परिचित ऑटो चालक विजय कुमार चौरसिया उर्फ मस्टू मिला. रिश्ते में परिचित होने के कारण छात्रा उसके ऑटो में बैठ गयी.

कुछ दूर जाते ही शुरू हुई कथित छेड़खानी

परिजनों का आरोप है कि कुछ दूर जाने के बाद चालक ने छात्रा से बदसलूकी शुरू कर दी और उसे ड्राइवर के पीछे वाली सीट पर आकर बैठने के लिए कहा. छात्रा ने इसका विरोध किया. आरोप है कि चालक ने धमकी दी कि अगर वह वहां नहीं बैठी तो ऑटो को कहीं टकरा देगा.

घर के पास भी ऑटो रोकने से किया इनकार

घर के नजदीक पहुंचने पर छात्रा ने फोन पर घर पहुंचने की जानकारी दी. आरोप है कि इसके बाद चालक ने ऑटो रोकने से इनकार कर दिया और कहा कि वह दो घंटे बाद ही घर जाएगी. इस दौरान छात्रा लगातार विरोध करती रही.

7 किलोमीटर बाद चलती ऑटो से लगाई छलांग

पीड़िता के परिजनों के अनुसार, करीब 7 किलोमीटर तक छात्रा इस स्थिति का सामना करती रही. अनहोनी की आशंका होने पर उसने सड़क किनारे एक जगह देखकर चलती ऑटो से छलांग लगा दी. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। वह पुआल के पास गिरी, जिससे बड़ा हादसा टल गया. हालांकि सिर में चोट लगने से काफी खून निकला. बाद में छात्रा का इलाज कराया गया.

डायल 112 ने आरोपी को पकड़ा

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को उसके घर से पकड़ लिया और घटना में इस्तेमाल ऑटो को जब्त कर लिया. पीड़िता के बयान के आधार पर मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी.

मेडिकल के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा

पुलिस ने आरोपी विजय कुमार चौरसिया का मेडिकल परीक्षण कराया. इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. मामले की जांच जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *