उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक चौंका देने वाली घटना हुई है. यहां कांठ थाने के बाहर से खड़ा सीज डंपर चोरी हो गया है. खबर लगते ही पुलिस और प्रशासन के होश उड़ गए हैं. इस डंपर की बरामदगी और ऐसा दुसाहस करने वालों की धर पकड़ के लिए आनन फानन में टीमें गठित कर दी गई है. यह डंपर विशेष चेकिंग अभियान के दौरान नायब तहसीलदार ने सीज किया था.

जानकारी के मुताबिक नायब तहसीलदार ने 25 सितंबर को विशेष चेकिंग अभियान चलाया था. इस दौरान ओवरलोडिंग और बालू के मामले में कुल छह डंपर जब्त किए थे और इन सभी डंपरों को कांठ थाने के बाहर खड़ा कर दिया गया था. बताया जा रहा है कि इनमें से एक डंपर मालिक सतेन्द्र सिंह थाने के बाहर से अपना डंपर लेकर फरार हो गया. अब पुलिस ने डंपर मालिक और उसके ड्राइवर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है.
लकीर पीट रही पुलिस
आरोप है कि यह डंपर पुलिस की नजरों के सामने से चोरी हुआ और पुलिस को भनक तक नहीं लगी. पुलिस को घटना की जानकारी भी काफी देर बाद हुई. इस घटना ने ना केवल पुलिस की सतर्कता पर सवाल उठाए हैं, बल्कि ट्रक माफिया और वाहन मालिकों बेखौफ हौसलों को भी सामने ला दिया है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। अब मुरादाबाद पुलिस में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने आनन फानन में टीम गठित कर छापेमारी शुरू कर दी है.
जांच में जुटी पुलिस
मुरादाबाद के एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह के मुताबिक ट्रक मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसके हर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है. उन्होंने कहा कि जल्द ही डंपर बरामद करते हुए आरोपी डंपर मालिक को अरेस्ट कर लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि नायब तहसीलदार कांठ ने चेकिंग के दौरान बालू से भरे 6 डंपरों को सीज किया था. इसमें से एक डंपर थाने के बाहर से चोरी हुआ है.