Gorakhpur girl murder: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में 10 साल की बच्ची के अपहरण के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस मामले में पुलिस ने डायल112 में तैनात आरोपी सिपाही अभिषेक यादव को गिरफ्तार किया है. आरोपी की निशानदेही पर गुरुवार को पुलिस ने बच्ची का शव चिऊटहा पुल के पास नदी से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है.

पुलिस के अनुसार, बच्ची का परिवार मूल रूप से आजमगढ़ के कप्तानगंज क्षेत्र का रहने वाला है और पिछले चार वर्षों से गोरखपुर में किराये के मकान में रह रहा है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। बच्ची के पिता ईरिक्शा चलाकर परिवार का पालनपोषण करते हैं. उनकी 13 वर्षीय बड़ी बेटी जिला अस्पताल में भर्ती थी. 28 जुलाई की रात करीब 10 बजे 10 वर्षीय बच्ची अपनी बड़ी बहन के लिए खाना लेकर जिला अस्पताल गई थी. खाना देने के बाद वह घर लौटने के लिए निकली, लेकिन काफी देर तक घर नहीं पहुंची. परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर बच्ची के पिता ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई.
CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच में जुटी पुलिस ने अस्पताल और आसपास के इलाकों के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में बच्ची अस्पताल से पैदल बाहर निकलती दिखाई दी. उसके पीछे एक पुलिसकर्मी बाइक से आता है और बच्ची को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाता नजर आता है.
बाइक के नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान डायल112 में तैनात सिपाही अभिषेक यादव के रूप में की. बुधवार देर रात उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने बच्ची की हत्या कर शव नदी में फेंकने की बात स्वीकार कर ली. उसकी निशानदेही पर गुरुवार को शव बरामद कर लिया गया.
पहले भी रेप के मामले में जा चुका है जेल
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अभिषेक यादव मूल रूप से गाजीपुर का रहने वाला है. वह पहले भी रेप के एक मामले में जेल जा चुका है और उस दौरान निलंबित भी हुआ था. फिलहाल पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
एसएसपी बोले फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा केस
गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बच्ची के पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान हुई. पूछताछ में यह सामने आया है कि आरोपी की नीयत गलत थी और बच्ची के विरोध करने पर उसने वारदात को अंजाम दिया. हालांकि घटना के सभी पहलुओं की पुष्टि विवेचना और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी.
एसएसपी ने कहा कि आरोपी के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने की कार्रवाई की जाएगी. साथ ही उसकी तत्काल बर्खास्तगी के लिए विभागीय प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस ने यह भी कहा कि आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून सहित उपलब्ध कानूनी प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी. वहीं, बच्ची की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है.