Quick Samachar: How to Grow Green Garlic: घर पर ताजी और हरी सब्जियां उगाने का शौक रखते हैं तो हरा लहसुन एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। इसकी खुशबू और स्वाद सामान्य लहसुन से थोड़ा अलग होता है जो कई रेसिपीज का जायका बढ़ा सकता है। लहसुन सिर्फ खाने का स्वाद ही नहीं बढ़ाता बल्कि यह सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। इसकी पत्तियां पराठे, चटनी, सूप और सब्जियों में इस्तेमाल की जा सकती हैं। बाजार से खरीदने की जगह आप इसे ऑर्गेनिक तरीके से घर पर लगा सकते हैं।

सही मिट्टी, धूप और नियमित सिंचाई की मदद से यह पौधे अच्छी तरह बढ़ता है। इसे आप किचन गार्डन, गमले या ग्रो बैग में आसानी से उगा सकते हैं। अगर आप भी ताजा हरा लहसुन घर पर लगाना चाहते हैं तो इन गार्डनिंग टिप्स को फॉलो कर सकते हैं।
हरा लहसुन लगाने का तरीका
सबसे पहले जगह का चुनाव करें जहां आप हरा लहसुन लगाना चाहते हैं। बालकनी या छत पर ग्रो बैग, टब या गमले में इसे लगा सकते हैं। इसके लिए आपको थोड़े चौड़े गमले की जरूरत होगी। इसके लिए भुरभुरी मिट्टी, गोबर की खाद, कोकोपीट, जैविक खाद और सामान्य मिट्टी मिलाकर मिश्रण तैयार कर लें।
अब घर पर रखे लहसुन की कलियों को अलग कर लें और सिर्फ बड़ी कलियों का ही बीज के तौर पर इस्तेमाल करें। इसके बाद लहसुन की कलियों को एक या दो इंच के गैप में गमले में लगाएं, जिससे लहसुन को बढ़ने में मदद मिलेगी। लहसुन की कलियों का नुकीला हिस्सा ऊपर की ओर रखें और चौड़ा वाला हिस्सा नीचे मिट्टी को ओर रखें। इस तरह सभी कलियों को लगाकर ऊपर से मिट्टी डाल दें।
अब इसमें पानी का छिड़काव करें। अगर आप गमले में हरा लहसुन लगा रहे हैं तो इसे ऐसी जगह रखें जहां पर कम से कम 34 घंटे की धूप आती हो। जब मिट्टी की ऊपरी परत सूख जाए तभी इसमें पानी दें क्योंकि जरूरत से ज्यादा पानी देने पर जड़ें खराब हो सकती हैं।
सही देखभाल से लगभग 3 से 4 हफ्ते में हरी पत्तियां आना शुरू हो जाएंगी। जब पत्तियां पर्याप्त लंबी होने लगें तो इसे जरूरत के अनुसार इस्तेमाल कर सकते हैं। जड़ों से निकालने की जगह आप सिर्फ पत्तियों को ऊपर से काट सकते हैं जिससे पौधा लंबे समय तक चलता है।
इन रेसिपीज में कर सकते हैं इस्तेमाल
हरे लहसुन की खुशबू और स्वाद दोनों की लाजवाब होते हैं। इससे आप स्वादिष्ट चटनी बना सकते हैं जिसे हरा धनिया, हरी मिर्च, हरे लहसुन की पत्तियां और नमक को पीसकर बनाया जाता है। इसके अलावा आप इसे पराठों के लिए तैयार की जाने वाली फिलिंग में भी इस्तेमाल कर सकते हैं। कई लोग इसे सूप, दाल और सब्जियों में डालकर खाना भी पसंद करते हैं।
💬 Comments (0)
Leave a Comment