तीन दिन तक 12 फीट गहरे पानी में तैरता रहा युवक का शव, शाहजहांपुर स्टेशन पर खुली रेलवे की लापरवाही की पोल

तीन दिन तक 12 फीट गहरे पानी में तैरता रहा युवक का शव, शाहजहांपुर स्टेशन पर खुली रेलवे की लापरवाही की पोल
Featured Image

UP Crime: शाहजहांपुर जंक्शन पर रेलवे निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है. बारिश के पानी से भरे 12 फीट गहरे गड्ढे में एक युवक का शव मिला, जिससे स्टेशन पर हड़कंप मच गया.

UP Crime: शाहजहांपुर जंक्शन पर रेलवे निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी लापरवाही सामने आई है. प्लेटफॉर्म नंबर एक के पास एस्केलेटर लगाने के लिए खोदे गए करीब 12 फीट गहरे गड्ढे में बारिश का पानी भर गया. मंगलवार को इसी गड्ढे में एक युवक का शव उतराता मिला. शव मिलने की खबर फैलते ही स्टेशन पर हड़कंप मच गया और यात्रियों की भीड़ जमा हो गयी. मंगलवार शाम करीब पांच बजे कुछ लोगों की नजर पानी से भरे गड्ढे पर पड़ी. करीब 12 फीट गहरे गड्ढे में शव तैरता दिखाई दिया. इसकी सूचना तत्काल पावर केबिन और स्टेशन अधिकारियों को दी गयी. जानकारी मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला.

तीन दिन पुराना बताया जा रहा शव, अब तक नहीं हुई पहचान

पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष है. शुरुआती जांच में शव करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है. देर रात तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी. पुलिस ने युवक की शिनाख्त के लिए उसके कपड़ों और सामान की तलाशी ली, लेकिन जेब से न मोबाइल मिला और न ही कोई पहचान पत्र. उसके पास बैग भी नहीं था. जीआरपी ने मृतक की पहचान के लिए स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के इलाकों में भी युवक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है.

बिना बैरिकेडिंग के खुला पड़ा था गहरा गड्ढा

घटना ने रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं. बताया जा रहा है कि एस्केलेटर लगाने के लिए खोदा गया गड्ढा कई दिनों से खुला पड़ा था. बारिश के बाद इसमें पानी भर गया, लेकिन यात्रियों और आम लोगों को सुरक्षित रखने के लिए इसके चारों ओर पर्याप्त बैरिकेडिंग या सुरक्षा घेरा नहीं लगाया गया था. शव मिलने के बाद आनन-फानन में गड्ढे के चारों तरफ हरी जाली और टीन की बैरिकेडिंग लगायी गयी. इससे निर्माण स्थल पर पहले से सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल और गहरे हो गये हैं.

गड्ढे में कैसे पहुंचा युवक, जांच में जुटी पुलिस

प्रारंभिक आशंका है कि युवक रात के अंधेरे में पानी से भरे गड्ढे में गिर गया होगा. हालांकि वह गड्ढे तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है. जीआरपी और आरपीएफ मामले की जांच कर रही है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। सीनियर डीसीएम, मुरादाबाद मंडल महेश यादव ने बताया कि घटना की जांच जीआरपी और आरपीएफ कर रही है. वहीं, जीआरपी थाना प्रभारी करमाकर यादव के अनुसार अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पायी है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से पहचान कराने की कोशिश की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *