
तुलसी का पौधा लगभग हर भारतीय घर में जरूर होता है. ये पौधा घर की खूबसूरती बढ़ाने के साथ-साथ धार्मिक रूप से भी खास माना जाता है, साथ ही इस पौधे में कई औषधीय गुण भी पाए जाते हैं. हालांकि, कई लोगों की शिकायत होती है कि वे अपने घर में तुलसी लगा तो लेते हैं, लेकिन उनका पौधा या तो बढ़ता नहीं है या जल्दी मुरझा जाता है. इसी कड़ी में फेमस गार्डनिंग एक्सपर्ट तरुण चोपड़ा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने कुछ खास टिप्स बताए हैं. तरुण चोपड़ा कहते हैं इन टिप्स को फॉलो कर आप अपने तुलसी के पौधे को सालभर हरा-भरा और घना रख सकते हैं. आइए जानते हैं कैसे-
टिप नंबर 1- तुलसी की मंजरी समय-समय पर तोड़ते रहें
तरुण चोपड़ा कहते हैं, तुलसी को घना रखने के लिए उसकी मंजरी को समय-समय पर काटते रहें. एक्सपर्ट के अनुसार, अगर मंजरी को लगातार बढ़ने दिया जाए तो पौधे को लगता है कि अब उसे केवल फूल और बीज बनाने पर ध्यान देना है. इससे ग्रोथ वहीं रुक जाती है. इसलिए जब भी आपको पौधे पर मंजरी दिखने लगे, उसे हल्के हाथ से ट्रिम करते रहें. इससे पौधे में नई शाखाएं लगातार बनती रहेंगी.
टिप नंबर 2- मिट्टी को बीच-बीच में ढीला करें
तुलसी के गमले की मिट्टी को समय-समय पर हल्का ढीला करना भी जरूरी है. इसके लिए हर थोड़े समय में ऊपर की मिट्टी की सावधानी से थोड़ी गुड़ाई करें. ध्यान रखें कि पौधे की जड़ों को नुकसान न पहुंचे.
टिप नंबर 3- वर्मी कंपोस्ट जरूर डालें
एक्सपर्ट ने साल में 2 से 3 बार तुलसी में करीब 150 से 200 ग्राम वर्मी कंपोस्ट डालने की सलाह दी है. इससे पौधे की ग्रोथ बेहतर तरीके से होती है.
यह भी पढ़ें- Money Plant की पत्तियों को बड़ा और चमकदार कैसे बनाएं? एक्सपर्ट ने बताया मनी प्लांट में क्या डालना चाहिए
टिप नंबर 4- बहुत छोटा गमला न लें
तरुण चोपड़ा कहते हैं, तुलसी अच्छे से बढ़े, इसके लिए गमले के आकार पर ध्यान देना भी जरूरी है. तुलसी के लिए 12 से 15 इंच से छोटा गमला नहीं लेना चाहिए. पर्याप्त जगह मिलने से ही पौधे को बढ़ने में मदद मिलती है.
नंबर 5- ज्यादा गर्मी और ठंड से बचाएं
तुलसी को बहुत ज्यादा गर्मी और बहुत ज्यादा ठंड से बचाना चाहिए. मौसम के हिसाब से पौधे की जगह को बदलते रहें.
नंबर 6- पानी सही से दें
इन सब से अलग पानी देते समय भी जल्दबाजी न करें. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। जब गमले की मिट्टी सूखने लगे या उसमें नमी कम दिखाई दे, तभी पानी दें. जरूरत से ज्यादा पानी डालने से बचें.
तरुण चोपड़ा कहते हैं इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रख आप तुलसी के पौधे को सालों-साल तक हरा-भरा और घना रखने में मदद मिल सकती है.