​​​थाने में समझौते के कुछ ही घंटों बाद पुलिस के सामने इकलौते बेटे की गोली मारकर हत्या, रास्ते के विवाद में खूनी खेल

​​​थाने में समझौते के कुछ ही घंटों बाद पुलिस के सामने इकलौते बेटे की गोली मारकर हत्या, रास्ते के विवाद में खूनी खेल
Featured Image

Meerut : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां थाने में समझौता होने के बावजूद बदमाशों ने रास्ते के विवाद में 22 वर्षीय युवक नितिन की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और इलाके में भारी तनाव का माहौल है।

रास्ते के विवाद से शुरू हुई थी रंजिश

बहसूमा माननगर निवासी नितिन के दोस्त प्रिंस का कॉलोनी में ही रहने वाले मिट्ठू से रास्ते पर निकलने को लेकर मामूली विवाद चल रहा था। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीआईसी) चौराहे के पास बांग्ला एकेडमी के सामने जमकर मारपीट हुई थी। मामला तूल पकड़ने पर दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां पुलिस की मौजूदगी में आपसी समझौता कराकर बिना किसी कानूनी कार्रवाई के युवकों को घर भेज दिया गया था। पुलिस के इस ढुलमुल रवैये के बावजूद दोनों पक्षों के भीतर रंजिश और तनाव लगातार बना रहा था।

दौड़ लगाकर लौट रहे दोस्तों पर ताबड़तोड़ फायरिंग

शुक्रवार शाम को प्रिंस और उसका दोस्त नितिन मध्य गंगनहर की पटरी पर दौड़ लगाने गए थे। दौड़ पूरी करने के बाद दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे, जिसमें प्रिंस बाइक चला रहा था और नितिन पीछे बैठा हुआ था। जैसे ही उनकी बाइक राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के पास पहुंची, दो बाइकों पर सवार होकर आए करीब छह बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोलियां सीधे पीछे बैठे नितिन की जांघों पर लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिरकर तड़पने लगा।

अस्पताल ले जाते समय इकलौते बेटे ने तोड़ा दम

हमले के बाद घबराए प्रिंस ने तुरंत पुलिस और नितिन के परिजनों को घटना की जानकारी दी। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल नितिन को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन बेहतर इलाज के लिए उसे मेरठ के गंगानगर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान नितिन की सांसे थम गईं। परिजनों के मुताबिक मृतक नितिन अपने घर का इकलौता बेटा था, जिसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस ने बनाई तीन विशेष टीमें

घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात अभिजीत कुमार और सीओ पंकज लवानिया ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसएसपी मेरठ ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही सभी हमलावर कानून की गिरफ्त में होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *