दहेज में नहीं मिली बुलेट… अलीगढ़ में पति ने धारदार हथियार से पत्नी को मार डाला; दो साल पहले हुई थी शादी

दहेज में नहीं मिली बुलेट… अलीगढ़ में पति ने धारदार हथियार से पत्नी को मार डाला; दो साल पहले हुई थी शादी

Aligarh Murder: यूपी के अलीगढ़ जिले में एक विवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है. खैर तहसील क्षेत्र के गांव मऊ में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

दहेज में नहीं मिली बुलेट… अलीगढ़ में पति ने धारदार हथियार से पत्नी को मार डाला; दो साल पहले हुई थी शादी

पुलिस के मुताबिक, गांव मऊ निवासी मुकंदी लाल ने डायल112 पर सूचना दी कि उनके सबसे छोटे बेटे रवि ने घर के कमरे में अपनी पत्नी विमलेश पर धारदार हथियार से कई वार कर दिए हैं. महिला की चीखपुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और आरोपी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह हथियार लेकर फरार हो गया.

दो साल पहले हुई थी शादी, मांग रहा था बुलेट

मृतका जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है. दो साल पहले उसकी शादी रवि के साथ हुई थी. परिजनो का आरोप है कि विवाह के बाद से ही दंपति के बीच विवाद की बातें सामने आती रही थीं. मृतका के पिता गिर्राज ने आरोप लगाया कि रवि शादी के बाद से ही दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करता था. मांग पूरी न होने पर वह विमलेश के साथ मारपीट करता था और उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था .

उन्होंने बताया कि घटना से करीब दोतीन माह पहले भी रवि ने कुल्हाड़ी से विमलेश के सिर पर हमला किया था. उस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी और कई दिनों तक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती रही. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। उस समय सामाजिक समझौते के चलते पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी.

नशे का आदी है आरोपी पति

परिजनों के अनुसार आरोपी रवि नशे का आदी था और अक्सर नशीले पदार्थों का सेवन करता था. वह मजदूरी कर परिवार का पालनपोषण करता था. वह अपने परिवार में पांच भाइयों और पांच बहनों में सबसे छोटा है. उसकी आठ महीने की बेटी भी है. गांव में घटना के बाद शोक और दहशत का माहौल है.

घटना की सूचना पर खैर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. सीओ खैर अभिषेक पटेल ने बताया कि आरोपी रवि वारदात के बाद से फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं.

मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है. उन्होंने बताया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *