Quick Samachar: नई दिल्ली। दक्षिणपूर्व एशियाई देशों से लगातार दिल्ली पहुंच रही नशे की खेप ने जांच एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि अंतरराष्ट्रीय तस्कर दिल्ली को ड्रग्स तस्करी का ट्रांजिट हब बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जहां से नशा पहुंचा कर देश के अन्य शहरों तक पहुंचाया जा सके।

दिल्ली को ड्रग्स का ‘ट्रांजिट हब’ बनाने की साजिश? IGI एयरपोर्ट पर लगातार जब्त हो रहे मादक पदार्थ​

मईजून माह में ही आइजीआइ एयरपोर्ट पर 111 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ को पकड़ने के साथ 8 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें मई माह में ही 81 किलोग्राम ड्रग्स बरामद हुआ है।

ताजा मामले में कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने कुआलालंपुर से आए एक भारतीय यात्री के कब्जे से 6.934 किलोग्राम हेरोइन बरामद कर उसे गिरफ्तार किया है।

कस्टम अधिकारियों के अनुसार बीती 16 जून को फ्लाइट संख्या ओडी205 से कुआलालंपुर से दिल्ली पहुंचे यात्री को प्रोफाइलिंग के आधार पर टर्मिनल3 के ग्रीन चैनल पर रोका गया। अधिकारियों ने उसके दो ट्राली बैग की जांच में चार वैक्यूम पैकेट बरामद हुए, जिनमें सफेद रंग का पाउडरनुमा पदार्थ भरा हुआ था।

परीक्षण में यह पदार्थ हेरोइन मिली, जिसका कुल वजन 6.934 ग्राम निकला। अधिकारी के अनुसार बरामद मादक पदार्थ एकदम शुद्ध मात्रा में था, जिसमें कुछ केमिकल मिलाकर इसे करीब दस गुणा तक बढ़ाया जा सकता है। जांच एजेंसियों के अनुसार तस्कर लगातार नए तरीके अपना रहे हैं।

हाल ही में गीजर के भीतर छिपाकर हाइड्रोपोनिक वीड लाई गई थी। वहीं कई मामलों में ट्राली बैग और वैक्यूम पैकेट्स का इस्तेमाल किया गया था। एजेंसियों का मानना है कि दक्षिणपूर्व एशिया से आने वाली उड़ानों के जरिये भारत में मादक पदार्थ पहुंचाने और यहां से अन्य देशों तक भेजने की कोशिश की जा रही है।

इसलिए दक्षिणपूर्व एशिया से आने वाली उड़ानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रोफाइलिंग, तकनीकी विश्लेषण और खुफिया सूचनाओं के आधार पर संदिग्ध यात्रियों की जांच की जा रही है, ताकि अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क की कड़ियों तक पहुंचा जा सके।

मई व जून माह में प्रमुख बरामदगी
8 मई : बैंकाक से आए एक यात्री से 34 किलो ग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद, एक गिरफ्तार।
23 मई : बैंकाक से आए दो यात्रियों से 47.8 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद, दोनो गिरफ्तार ।
सात जून: कुआलालंपुर से आए दो यात्रियों से 15.38 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद, दोनों गिरफ्तार।
10 जून: बैंकाक से आए यात्री से 6.94 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद, एक गिरफ्तार।
10 जून: अम्मान जाने वाले यात्री से 4.4 किलोग्राम हशीश बरामद।
16 जून: कुआलालंपुर से आए भारतीय यात्री से 6.934 किलोग्राम हेरोइन बरामद, गिरफ्तार।

Related News

💬 Comments (0)

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *