दिल में छेद था, बीमारी से मौत बताई गई…अब ताऊ पर हत्या का आरोप, मथुरा में कब्र से निकाला गया युवक का शव​

दिल में छेद था, बीमारी से मौत बताई गई…अब ताऊ पर हत्या का आरोप, मथुरा में कब्र से निकाला गया युवक का शव​

Mathura Boy Death Mystery: मथुरा के जैंत थाना क्षेत्र के धौरेरा गांव में करीब एक माह पहले बीमारी के चलते हुई 14 वर्षीय किशोर यश उर्फ युवराज की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है. ननिहाल पक्ष की शिकायत पर शुक्रवार देर शाम पुलिस ने अक्रूर श्मशान स्थल से किशोर का शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिजनों ने किशोर के ताऊ पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है.

जानकारी के मुताबिक, धौरेरा निवासी रवि कुमार के 14 वर्षीय बेटे यश उर्फ युवराज की 25 अगस्त को उपचार के दौरान मौत हो गई थी. इसके बाद परिजनों ने अक्रूर श्मशान स्थल पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया था. आरोप है कि किशोर के ननिहाल पक्ष को इसकी सूचना नहीं दी गई.

किशोर बचपन से हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित था

मृतक के नाना राजवीर सिंह निवासी गारब गढ़ी, कोटा, मुरसान, हाथरस ने किशोर की मौत को संदिग्ध बताते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की थी. शिकायत में उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की. परिजनों के अनुसार, किशोर बचपन से हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित था. उसके दिल में छेद बताया गया था और कई बार उसका उपचार एवं ऑपरेशन कराया गया था.

बाबा मुन्नालाल का कहना है कि किशोर का जयपुर तक इलाज कराया गया था और उसके उपचार में काफी खर्च हुआ. अचानक बुखार आने के बाद 25 अगस्त को उसकी मौत हो गई. वहीं, ननिहाल पक्ष ने आरोप लगाया कि किशोर की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई और उसके ताऊ पर गला दबाकर हत्या करने का शक है. शिकायत के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर एसएसपी ने मामले की दोबारा जांच के आदेश दिए.

पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने शुक्रवार देर शाम अक्रूर श्मशान स्थल पर खुदाई कराकर शव को बाहर निकलवाया. शव क्षतविक्षत अवस्था में मिला, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. अब पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद किशोर की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा. इसके आधार पर तहरीर और जांच के तथ्यों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *