नोएडा के एलिवेटेड रोड में बारबार क्यों हो रहा था गड्ढा? IIT रुड़की की जांच में हुआ खुलासा, 21 दिन से बंद है रास्ता​

नोएडा के एलिवेटेड रोड में बारबार क्यों हो रहा था गड्ढा? IIT रुड़की की जांच में हुआ खुलासा, 21 दिन से बंद है रास्ता​

राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में सेक्टर 27 से 61 के बीच करीब 4.8 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड पर यातायात 21 दिनों से बंद है. सेक्टर 33 के सामने सड़क पर बारबार गड्ढा होने के बाद नोएडा प्राधिकरण ने इसकी मजबूती की विस्तृत जांच आईआईटी रुड़की की टीम से कराई है. इस जांच में एलिवेटेड रोड के बाकी हिस्से तो ठीक मिले, लेकिन उसस कंक्रीट पैनल में खामी मिली है, जहां बारबार गड्ढ़ा हो रहा था.

इस जांच को खास बनाने के लिए अमेरिका से अल्ट्रासोनिक गाइडेड वेव्स तकनीक विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया था. इस टीम ने आईआईटी रुड़की की टीम के साथ मिलकर आधुनिक तकनीक से पूरे एलिवेटेड रोड की मजबूती का परीक्षण किया है. इस दौरान सड़क की ऊपरी परत को तोड़ने या कहीं कटिंग करने की जरूरत नहीं पड़ी. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार जांच में विशेष अल्ट्रासोनिक तरंगों का इस्तेमाल किया गया. इस तकनीक से कंक्रीट के अंदर मौजूद दरारें और कमजोरी का पता लगाया जाता है.

सामने आई कमजोरी

जांच में पूरे एलिवेटेड रोड के दूसरे हिस्से सुरक्षित पाए गए. वहीं गड्ढे वाले पैनल में कमजोरी सामने आई है. आईआईटी रुड़की की टीम ने इस हिस्से की मरम्मत के विकल्पों पर भी परीक्षण किया है. कोशिश की जा रही है की मरम्मत के दौरान कम से कम तोड़फोड़ करनी पड़े. इसके लिए नीचे से शटरिंग लगाकर गड्ढे और उसके आसपास के हिस्सों की मरम्मत करने की योजना है. गुरुवार तक पूरी जांच रिपोर्ट आने की उम्मीद है. इस जांच पर नोएडा प्राधिकरण ने आईआईटी रुड़की को करीब 15 लाख रुपए भुगतान किया है.

18 अक्टूबर को पहली बार हुआ गड्ढा

एलिवेटेड रोड की सेक्टर 61 से सेक्टर 18 की ओर जाने वाली लेन में पहली बार 18 अक्टूबर को गड्ढा हुआ था. प्राधिकरण ने तत्काल इसकी मरम्मत कराई, लेकिन 20 अक्टूबर को उसी जगह दोबारा गड्ढा हो गया. इसके बाद 21 अक्टूबर से एलिवेटेड रोड पर यातायात बंद कर दिया गया. जांच में पता चला कि गड्ढा सड़क की ऊपरी बिटुमिन परत में नहीं बल्कि उसके नीचे लगे कंक्रीट पैनल में हुआ था. संबंधित पैनल करीब 11 मीटर लंबा और ढाई मीटर चौड़ा है एलिवेटेड रोड के निर्माण के दौरान ऐसे पैनल कास्टिंग यार्ड में तैयार किए गए थे.

ज्यादा कंपन बना कमजोरी की वजह

प्राधिकरण के इंजीनियरों और आईआईटी रुड़की की टीम ने निरीक्षण के बाद बताया कि कंक्रीट के पैनल तैयार करते समय सीमेंट मौरंग और अन्य सामग्री के मिश्रण को सांचे में डालकर वाइब्रेटर से दबाया जाता है. आशंका है कि इस प्रक्रिया में अधिक कंपन के कारण संबंधित पैनल के मजबूती प्रभावित हुई हो. हालांकि इसकी वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी. फिलहाल नोएडा के इस महत्वपूर्ण एलिवेटेड रोड पर यातायात शुरू होने का इंतजार है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *