पूर्व सांसद और समाजवादी पार्टी के नेता रमेश बिंद पर हमला किया गया है. वह बेटे का इलाज कराकर अस्पताल से घर लौट रहे थे. हमला करने वाले व्यक्ति ने पहले उन्हें नमस्कार किया और फिर गाड़ी चलते ही ईंट से हमला कर दिया. रमेश बिंद का आरोप है कि हमले में उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी के शीशे टूट गए.

रमेश बिंद ने कहा कि शीशे की तरफ उनका बेटा बैठा हुआ था और हमले में उसे गंभीर चोटें आईं. बिंद ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे के सिर, नाक और काम में चोट लगी है. उन्होंने कटरा पुलिस को मामले में तहरीर दे दी है. वह जल्द से जल्द जांच कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
अस्पताल से लौट रहे थे घर
रमेश बिंद के मुताबिक, उकने बेटे को पेट में तेज दर्द हो रहा था. इस कारण वह उसे अस्पताल लेकर आए थे. जब वह अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से अस्पताल से घर लौट रहे थे, तो शीतला माता मंदिर के पास एक व्यक्ति ने गाड़ी के सामने आकर उन्हें नमस्कार किया.
जब रमेश बिंद का गाड़ी आगे बढ़ी तो व्यक्ति ने गाड़ी पर ईंट से हमला कर दिया. उनकी गाड़ी के शीशे टूट गए और उनके बेटे को चोट आई. रमेश बिंद ने कटका पुलिस से जांच की मांग की है. उन्होंने कहा कि मामले में जल्द जांच पूरी की जाए और दोषी पर कार्रवाई हो.
सपा में हो गए थे शामिल
रमेश बिंद भदोही से भारतीय जनता पार्टी के सांसद थे. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। लेकिन 2024 के चुनाव में पार्टी ने उनका टिकट काट दिया था. इसके बाद वह बागी तेवर अपनाने लगे थे. उन्होंने अपने फेसबुक की प्रोफाइल पिक्चर में साइकिल की तस्वीर लगा दी थी और फिर समाजवादी पार्टी ने उन्हें मिर्जापुर से टिकट भी दे दिया था.
लेकिन रमेश बिंद का यह दांव काम नहीं आया था और एनडीए प्रत्याशी अनुप्रिया पटेल ने उन्हें हरा दिया था. रमेश बिंद को लगभग 37 हजार वोटों से हार का सामना करना पड़ा था.
सांसद रहते मांगी गई थी रंगदारी
रमेश बिंद जब भदोही से सांसद थे, तब उन्होंने दावा किया था कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें भदोही आने पर जान से मारने की धमकी दी है. इससे पहले उनसे दिल्ली में फोन कर 10 लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी गई थी. उन्होंने बेटे की अपहरण की धमकी देने का भी आरोप लगाया था.
रमेश बिंद उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के इटवा गांव के रहने वाले हैं. 2019 में भाजपा के टिकट पर भदोही से चुनाव जीतने वाले रमेश बिंद अब समाजवादी पार्टी के नेता हैं.