‘पेट दर्द था, छुट्टी नहीं मिली…’ बुलंदशहर में सिपाही ने सर्विस राइफल से खुद को मार ली गोली, ऑडियो में खोले कई राज

‘पेट दर्द था, छुट्टी नहीं मिली…’ बुलंदशहर में सिपाही ने सर्विस राइफल से खुद को मार ली गोली, ऑडियो में खोले कई राज

Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक 25 वर्षीय सिपाही द्वारा सर्विस राइफल से आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. आत्महत्या से पहले सिपाही ने एक ऑडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने छुट्टी न मिलने, मानसिक प्रताड़ना और वरिष्ठ अधिकारियों के दुर्व्यवहार को अपनी परेशानी की वजह बताया. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय जांच शुरू कर दी है. फिलहाल आत्महत्या के कारणों की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.

‘पेट दर्द था, छुट्टी नहीं मिली…’ बुलंदशहर में सिपाही ने सर्विस राइफल से खुद को मार ली गोली, ऑडियो में खोले कई राज

ऑडियो में लगाए गंभीर आरोप

जानकारी के अनुसार, मृतक सिपाही सुधीर ठाकुर ने सुसाइड से पहले रिकॉर्ड किए गए ऑडियो में बताया कि 13 जुलाई को उसके पेट में तेज दर्द हुआ था. उसने पहले चौकी के दोनों मुंशियों को अपनी तबीयत के बारे में बताया, लेकिन उसकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया. इसके बाद उसने चौकी प्रभारी राहुल चौधरी से छुट्टी मांगी, लेकिन आरोप है कि छुट्टी देने के बजाय उसे डांटाफटकारा गया, गालीगलौज की गई और लाइन हाजिर कर दिया गया.

ऑडियो में उसने कहा कि इन घटनाओं से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गया था. इसी कारण वह नौकरी और जिंदगी दोनों छोड़ रहा है. उसने अपनी मौत के लिए चौकी प्रभारी और दोनों मुंशियों को जिम्मेदार ठहराते हुए न्याय की मांग की.

साथी सिपाही ने बचाने की कोशिश की

घटना गुरुवार तड़के करीब तीन बजे की बताई जा रही. साथी पुलिसकर्मियों के अनुसार, सुधीर रात से ही तनाव में था और बारबार कह रहा था कि वह अब जीना नहीं चाहता. वह अपनी सर्विस राइफल लेकर चौकी से कुछ दूरी पर नहर की ओर चला गया. एक साथी सिपाही ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन सुधीर ने हवा में फायर कर उसे पीछे हटने की चेतावनी दी. इसके बाद साथी सिपाही चौकी प्रभारी को सूचना देने दौड़ा, लेकिन उसके लौटने से पहले ही सुधीर ने खुद को गोली मार ली. सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

3 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, जांच शुरू

घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने तत्काल प्रभाव से चौकी प्रभारी राहुल चौधरी और दोनों मुंशियों अंकित व सुधीर को लाइन हाजिर कर दिया है. तीनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है. एसपी सिटी अभिषेक प्रताप ने बताया कि आत्महत्या से जुड़ी ऑडियो रिकॉर्डिंग, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और अन्य तथ्यों की गहन जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की वैधानिक और विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

परिवार ने की निष्पक्ष जांच की मांग

मृतक सिपाही सुधीर ठाकुर आगरा के इरादतनगर क्षेत्र के सोंग गांव का निवासी था. उसकी पुलिस सेवा में नियुक्ति करीब तीन महीने पहले ही हुई थी. बेटे की मौत की सूचना मिलते ही पिता जगबीर सिंह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां उनका रोरोकर बुरा हाल था. परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *