Quick Samachar: Telangana Crime News: तेलंगाना के मेडचल जिले से एक दिल दहला देने वाली और रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है. एक कलयुगी मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही दो साल के मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी. हद तो तब हो गई जब हत्या के बाद महिला ने पति को गुमराह कर बच्चे की सामान्य मौत का नाटक किया और उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया. हालांकि, पाप का यह घड़ा 20 दिन बाद फूट गया और पुलिस ने शव को कब्र से बाहर निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम कराया है. यह भयावह घटना कीसारा थाना क्षेत्र की है.

प्रेमी के प्यार में ऐसी अंधी हुई मां, अपने ही 2 साल के बेटे को पटक-पटककर मार डाला… 20 दिन बाद ऐसे खुला राज​

मूल रूप से सिद्दिपेट जिले के जगदेवपुर मंडल स्थित टीगुल गांव के रहने वाले स्वामी और ज्योति फिलहाल मेडचल जिले के कीसारा में रह रहे थे. स्वामी टैक्सी ड्राइवर हैं और अपनी मेहनत से परिवार पाल रहे थे. उनकी एक चार साल की बेटी और दो साल का बेटा हरिकृष्णा था.

पुलिस के मुताबिक, ज्योति का शादी से पहले यादद्री भुवनगिरी जिले के माधापुर गांव के रहने वाले नवीन नाम के युवक से प्रेम प्रसंग था. शादी के बाद भी ज्योति ने नवीन से नाता नहीं तोड़ा. जब स्वामी अपनी टैक्सी ड्यूटी पर चले जाते, तो नवीन अक्सर ज्योति के घर आता था. 29 मई को भी ऐसा ही हुआ. स्वामी के काम पर जाने के बाद नवीन वहां पहुंचा. जब दोनों घर में अकेले थे, तो दो साल का मासूम हरिकृष्णा जोरजोर से रोने लगा और उनके पास आने लगा.

हवा में उछाला, जमीन पर पटका; मौके पर ही तोड़ा दम

बच्चे के रोने से ज्योति और उसके प्रेमी के एकांत में खलल पड़ रहा था. इस बात से भड़के प्रेमी नवीन ने ज्योति से कहा, “यह बच्चा हमारे रास्ते का कांटा बन रहा है, चलो इसे हमेशा के लिए खत्म कर देते हैं.” खौफनाक बात यह रही कि सगी मां ज्योति भी इस घिनौनी साजिश में शामिल हो गई.

दोनों ने मिलकर दो साल के मासूम हरिकृष्णा के पैर पकड़े, उसे हवा में लहराया और पूरी ताकत से जमीन पर पटक दिया. इसके बाद उसे बेरहमी से पीटा गया. सिर में गंभीर चोट लगने और अंदरूनी ब्लीडिंग के कारण मासूम हरिकृष्णा ने मौके पर ही तड़पतड़पकर दम तोड़ दिया.

पति को दी दौरे से मौत की झूठी कहानी, 20 दिन बाद खुला राज

मर्डर के बाद शातिर मां ने अपने आंसुओं का नाटक शुरू किया. उसने ड्यूटी से लौटे पति स्वामी को यकीन दिलाया कि बेटे को अचानक गंभीर दौरा पड़ा था, जिसके कारण उसकी मौत हो गई. स्वामी ने पत्नी की बात पर भरोसा कर लिया. इसके बाद बच्चे के शव को उनके पैतृक गांव टीगुल ले जाया गया, जहां पूरे रीतिरिवाज और परिवार की मौजूदगी में उसे दफना दिया गया.

लेकिन, अपराध कभी छिपता नहीं है. पिछले कुछ दिनों से स्वामी को अपनी पत्नी ज्योति के बदले हुए व्यवहार और हरकतों पर गहरा शक होने लगा था. आखिरकार स्वामी ने अपने रिश्तेदारों को इकट्ठा किया और सबकी मौजूदगी में ज्योति से सख्ती से पूछताछ की. समाज और परिवार के दबाव में टूट चुकी ज्योति ने 20 दिन बाद उगला कि उसने और नवीन ने मिलकर बच्चे को मार डाला था.

कब्र खोदकर निकाला गया शव, मां गिरफ्तार

सच्चाई सामने आते ही पैरों तले जमीन खिसके पति स्वामी ने तुरंत कीसारा पुलिस स्टेशन पहुंचकर पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में टीगुल गांव के श्मशान घाट से बच्चे के शव को कब्र खोदकर बाहर निकाला. डॉक्टरों की टीम ने मौके पर ही शव का दोबारा पोस्टमार्टम किया.

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारी मां ज्योति को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है, जबकि फरार प्रेमी नवीन की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. 20 दिन बाद सामने आई इस क्रूर वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और स्थानीय लोग दोनों आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं.