
फिरोजाबाद। जनसुनवाई को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए फिरोजाबाद के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने गुरुवार को एक अनोखी पहल की। जनता दर्शन कार्यक्रम में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे प्रत्येक नागरिक को उन्होंने सम्मानपूर्वक एकएक पौधा भेंट किया और उसे लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प दिलाया।
डीएम ने कहा कि जनता दर्शन में लोग अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर आते हैं, लेकिन यदि वे यहां से एक पौधा भी साथ ले जाएं और उसे वृक्ष बनने तक संभालें, तो यह समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए बड़ी सौगात होगी। उन्होंने कहा कि आज बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए केवल सरकार या प्रशासन के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाना होगा और इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
मानसून में एक पौधा लगाने की अपील
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि इस मानसून में हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल अपने परिवार के सदस्य की तरह करे। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया पौधा भविष्य में वृक्ष बनकर न केवल शुद्ध ऑक्सीजन देगा, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाएगा। डीएम ने कहा कि हरियाली बढ़ाने की दिशा में नागरिकों की छोटीछोटी पहल भी बड़े बदलाव का आधार बन सकती है। यही प्रयास आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देने में मदद करेगा।