
बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को बरेली जिले से एक बड़ा सियासी झटका लगा है। नवाबगंज विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता राकेश गंगवार ने अपने हजारों समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया है।
गुरुवार को नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय कार्यालय पहुंचकर उन्होंने विधिवत रूप से कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस पूरी ज्वाइनिंग का नेतृत्व बरेली जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने किया।
प्रधानों और बीडीसी सदस्यों का भी मिला साथ
राकेश गंगवार के साथ कांग्रेस में शामिल होने वाले समर्थकों में बड़ी संख्या में नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य और भाजपा के कई जमीनी कार्यकर्ता शामिल रहे। इन सभी ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, एआईसीसी सचिव धीरज गुर्जर और यूपी कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. के.बी. त्रिपाठी के समक्ष कांग्रेस का हाथ मजबूत करने का संकल्प लिया।
कांग्रेस नेताओं ने BJP पर साधा तीखा निशाना
सदस्यता ग्रहण समारोह के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर जुबानी हमला बोला:
राजेंद्र पाल गौतम : “यह समय जाति और बिरादरी के नाम पर बंटने का नहीं, बल्कि एकता के सूत्र में बंधने का है। भाजपा कभी नहीं चाहती कि समाज एकजुट हो; उनकी राजनीति समाज को बांटकर सत्ता में बने रहने की है।”
धीरज गुर्जर : “हमें लोकतांत्रिक तरीके से उस सरकार को सत्ता से बेदखल करना होगा, जिसके राज में युवाओं पर पुलिस बर्बरता हो रही है और महिलाओंबेटियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।”
विद्युत चौधरी : “भाजपा जिस तरह से युवा जोश को कुचलने का काम कर रही है, उससे साफ है कि अब इनकी सत्ता की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।”
डॉ. के.बी. त्रिपाठी : “विपक्ष के नेता राहुल गांधी की सक्रियता और जनहित के मुद्दों पर उनके संघर्ष को देखते हुए आज बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं।”
मिर्जा अशफाक सकलैनी : “देश महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक विभाजन से जूझ रहा है, लेकिन सरकार जनता का ध्यान भटकाने में लगी है। अब हमें संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आगे आना होगा।”
डबल इंजन सरकार से युवाओं का मोहभंग
कार्यक्रम में यूपी कांग्रेस के महासचिव ओमवीर यादव ने कहा कि युवा जोश ने साबित कर दिया है कि उनके संघर्ष के आगे सत्ता का अहंकार नहीं टिक सकता। वहीं, नवाबगंज विधानसभा प्रभारी मुजम्मिल राजा एडवोकेट ने कहा कि डबल इंजन सरकार से आज युवाओं का मोहभंग हो चुका है। जिला उपाध्यक्ष कृष्णकांत शर्मा ने भी भाजपा पर उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने और गरीबमध्यम वर्ग को परेशान करने का आरोप लगाया।
नीतियों से प्रभावित होकर ली सदस्यता: रमेश गंगवार
कांग्रेस में शामिल होने के बाद राकेश गंगवार ने कहा, “मैंने प्रदेश प्रवक्ता डॉ. के.बी. त्रिपाठी और जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी के प्रयासों तथा कांग्रेस पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर ही अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ली है।”
इस महत्वपूर्ण अवसर पर महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा एडवोकेट, जिला उपाध्यक्ष मुजम्मिल राजा एडवोकेट, जिला उपाध्यक्ष/मीडिया प्रभारी जिया उर रहमान, कृष्णकांत शर्मा, कमरुद्दीन सैफी, युसूफ नन्हे सहित कई कांग्रेस जन उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें