बर्थडे पार्टी से लौट रहे युवक को रास्ते में घेरा, फिर गोली मारकर हत्या… इटावा में 6 महीने पुरानी रंजिश का खूनी अंत

बर्थडे पार्टी से लौट रहे युवक को रास्ते में घेरा, फिर गोली मारकर हत्या… इटावा में 6 महीने पुरानी रंजिश का खूनी अंत

Etawah Crime News: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के जसवंतनगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. शनिवार देर रात पीपरीपुरा गांव में अपने दोस्त की जन्मदिन पार्टी से लौट रहे 33 वर्षीय राहुल यादव की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई. परिजनों का आरोप है कि गांव के ही चार लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते राहुल को रास्ते में घेर लिया और पहले उसके साथ जमकर मारपीट की, फिर तमंचे से गोली मार दी. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया देसी तमंचा बरामद कर लिया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 10 बजे राहुल यादव अपने मित्र की बर्थडे पार्टी में शामिल होकर घर लौट रहा था. जैसे ही वह गांव के रास्ते पर पहुंचा, गांव के ही दबंगों ने उसे रोक लिया. किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. आरोपियों ने राहुल पर ताबड़तोड़ हमला किया और फिर उस पर गोली चला दी. गोली लगते ही राहुल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा.

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत, इकलौते बेटे की मौत से मातम

गोली की आवाज और चीखपुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर दौड़े. गंभीर रूप से घायल राहुल को तत्काल इटावा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉ. श्याम मोहन ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. डॉक्टर श्याम मोहन ने बताया कि युवक को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था और शरीर पर लगी गोलियों की सटीक जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी. इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और जिला अस्पताल में ग्रामीणों व रिश्तेदारों की भारी भीड़ जमा हो गई.

6 महीने पहले ‘कटिया’ डालने से रोका था: पुरानी रंजिश का खुलासा

मृतक के बाबा जयवीर सिंह ने घटना के पीछे की खौफनाक वजह का खुलासा करते हुए बताया करीब छह महीने पहले गांव के कुछ लोग अवैध रूप से बिजली चोरी करने के लिए तार डाल रहे थे. राहुल ने उन्हें ऐसा करने से मना किया था. इसी बात को लेकर आरोपी उससे खुन्नस रखने लगे थे और पहले भी राहुल को जान से मारने की धमकी दे चुके थे. शनिवार रात उसी रंजिश में आरोपियों ने साजिश के तहत राहुल को घेरकर गोली मार दी.

SP सिटी और CO पहुंचे अस्पताल, आरोपियों की धरपकड़ को टीमें गठित

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी और सीओ जसवंतनगर आयुषी सिंह तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. सीओ जसवंतनगर आयुषी सिंह ने बताया पीपरीपुरा गांव में एक ही गांव के पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट और गोलीबारी की घटना हुई है, जिसमें 33 वर्षीय युवक की मौत हो गई है. घटनास्थल से आलाएकत्ल बरामद कर लिया गया है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। परिजनों की तहरीर पर जसवंतनगर थाने में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *