
सफदरगंज, बाराबंकी, अमृत विचार : सफदरगंज थाना क्षेत्र में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी ने अपनी जमीन पर कब्जा करने का मामला दर्ज कराया है। कहा है कि आरोपियों ने जालसाजी कर उसकी खरीदी गई जमीन पर कब्जा करने की साजिश रची और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
शहर कोतवाली क्षेत्र में मयूर विहार कॉलोनी निवासी और भाजपा में वरिष्ठ उपाध्यक्ष जंग बहादुर पटेल ने तहरीर देकर बताया कि उन्होंने ग्राम पल्लहरी स्थित गाटा संख्या 1838 की भूमि का हिस्सा विधिवत रजिस्ट्री के माध्यम से खरीदा था।
आरोप है कि अनीस, अबू बकर, पप्पू उर्फ रिजवान, हाजी वहीद, गुलजार उर्फ फहद, कनिज फातिमा, मोहम्मद अलीम समेत अन्य लोगों ने उसी भूमि की दोबारा रजिस्ट्री कराकर उसे हड़पने का प्रयास किया। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि जमीन देखने जाने पर आरोपी गालीगलौज करते और जान से मारने की धमकी देते हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।