बार बार सेल्फी लेने से गुस्साए दूल्हे ने दुल्हन को मारी लात, बरातियों-घरातियों के बीच जमकर हुई मारपीट

बार बार सेल्फी लेने से गुस्साए दूल्हे ने दुल्हन को मारी लात, बरातियों-घरातियों के बीच जमकर हुई मारपीट
Featured Image

बाराबंकी । उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक शादी समारोह के दौरान चौंकाने वाली घटना सामने आई। रामनगर तहसील के अंतर्गत आने वाले गणेशपुर कस्बे में 20 फरवरी की रात जयमाला के मंच पर दूल्हे और दुल्हन के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि सेल्फी लेने के दौरान दूल्हा नाराज हो गया और उसने दुल्हन के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद समारोह में अफरा-तफरी मच गई और दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। देर रात तक दोनों पक्षों के बीच समझौते की बातचीत चलती रही। अंततः सहमति बनने के बाद दुल्हन की विदाई कराई गई। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, किसी भी पक्ष ने कानूनी कार्रवाई के लिए लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, गणेशपुर में आयोजित इस शादी में बहराइच जिले के मुराइनपुरवा से बारात आई थी। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। वधू पक्ष के शत्रुघ्न, जो पेशे से मूर्तिकार हैं, ने अपनी बेटी निशा की शादी बहराइच निवासी विशाल से तय की थी। रात करीब 11 बजे जब जयमाला की रस्म के लिए दूल्हा-दुल्हन मंच पर पहुंचे, तो वहां मौजूद भीड़ फोटो और सेल्फी लेने के लिए उमड़ पड़ी। इसी दौरान दूल्हा अचानक गुस्से में आ गया और उसने दुल्हन को लात मार दी, जिससे माहौल बिगड़ गया।

दूल्हे पर नशे के आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों और लड़की पक्ष का आरोप है कि दूल्हा शराब के नशे में था और अपना संतुलन खो बैठा। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि मंच पर बढ़ती भीड़ और लगातार हो रही आतिशबाजी से दूल्हा चिढ़ गया था। बार-बार मना करने के बावजूद भीड़ नहीं हटी, तो उसने गुस्से में दुल्हन पर हमला कर दिया।

दुल्हन ने किया था इनकार
दूल्हे की इस हरकत के बाद शादी समारोह में हंगामा मच गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, जब दुल्हन के पिता बीच-बचाव के लिए आए, तो दूल्हे ने उनके साथ भी हाथापाई की। इसके बाद घराती और बाराती पक्ष के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें करीब पांच लोग घायल हो गए। अपमानजनक घटना के बाद दुल्हन ने शुरुआत में शादी से इनकार कर दिया था।

देर रात तक चली पंचायत
मामले की जानकारी मिलते ही रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच देर रात तक पंचायत और बातचीत चली। नुकसान की भरपाई और दूल्हा पक्ष की ओर से माफी के आश्वासन के बाद विवाद सुलझा। इसके बाद शेष रस्में पूरी कराई गईं और दुल्हन की विदाई हुई। पुलिस ने बताया कि किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *