Quick Samachar: Mathura PNG Gas Leak: मथुरा के व्यस्त गोवर्धन चौराहे पर मंगलवार को नगर निगम की जेसीबी द्वारा की जा रही खुदाई के दौरान पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे गैस का रिसाव शुरू हो गया। अचानक हुए गैस रिसाव से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई और चौराहे पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

मथुरा में गोवर्धन चौराहे पर जेसीबी खुदाई के दौरान फटी पीएनजी पाइपलाइन, गैस रिसाव से मची अफरा-तफरी​
मथुरा में गोवर्धन चौराहे पर जेसीबी खुदाई के दौरान फटी पीएनजी पाइपलाइन, गैस रिसाव से मची अफरा-तफरी​

हवा में धूल का गुबार दिखाई देने लगा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पाइपलाइन से तेज दबाव के साथ गैस निकलने के कारण हवा में धूल का गुबार दिखाई देने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा की दृष्टि से चौराहे को खाली कराते हुए यातायात को रोक दिया।

संभावित खतरे को देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति पर नजर बनाए रखी। वहीं, टोरंटो गैस की आपदा राहत टीम ने मौके पर पहुंचकर पाइपलाइन की जांच की तथा मरम्मत कार्य शुरू किया।

नगर निगम द्वारा पोल के लिए खोदा जा रहा था गड्ढा

जानकारी के अनुसार द्वारा पोल स्थापित करने के लिए जेसीबी से गहरा गड्ढा खोदा जा रहा था। इसी दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। घटना ने खुदाई कार्य में बरती गई लापरवाही को उजागर कर दिया।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद खुदाई कार्य में लगे नगर निगम के कर्मचारी मौके से चले गए। समाचार लिखे जाने तक गैस रिसाव पर नियंत्रण पाने और पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य जारी था।

समय रहते पुलिस, और गैस कंपनी की टीम के सक्रिय होने से बड़ा हादसा टल गया।