
कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: साइबर जालसाजों ने महिला समेत तीन के खातों से 7.28 लाख रुपये उड़ा लिए। कहीं जालसाज ने फ्लिपकार्ट कर्मी बनकर फंसाया तो कहीं यूपीआई के माध्यम से ठगी की। साइबर ठगी के यह मामले कृष्णानगर, गोमतीनगर व विकासनगर के हैं। पुलिस साइबर क्राइम सेल की मदद से जांच कर रही है।
कृष्णानगर के आशुतोषनगर निवासी रश्मि शुक्ला का खाता एसबीआई व कोटक महिंद्रा बैंक में है। उन्होंने फ्लिपकार्ट से बच्चे का जूता बुक किया था। 26 जून को उनके पास एक कॉल आयी। इस दौरान मोबाइल बच्चों के पास था। जालसाज ने आर्डर कैंसिल होने पर जालसाज ने रिफंड की बात कही। बताया कि मोबाइल पर तीन डॉट बनकर आएंगे। क्लिक करते ही रुपये खाते में वापस आ जाएंगे। बच्चों ने वैसा ही किया तो खाते से कई बार में 3.05 लाख रुपये कट गए।
वहीं, गोमतीनगर के विश्वासखंड3 निवासी सत्य प्रकाश शर्मा के खाते एसबीआई व एचडीएफसी बैंक में है। साइबर जालसाज ने यूपीआई के माध्यम से उनके खातों से 16 बार में 2,25,030 रुपये पार कर दिए। उधर, विकासनगर के शेखुपुरा कॉलोनी निवासी विपिन कुमार के खाते से जालसाज ने 1.98 लाख रुपये गायब कर दिए।