मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसा : ट्रैक्टरट्रॉली ने ईको कार को मारी टक्कर, हरियाणा से लौट रहे बरेली के दो मजदूरों की मौत

मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसा : ट्रैक्टरट्रॉली ने ईको कार को मारी टक्कर, हरियाणा से लौट रहे बरेली के दो मजदूरों की मौत
मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसा : ट्रैक्टरट्रॉली ने ईको कार को मारी टक्कर, हरियाणा से लौट रहे बरेली के दो मजदूरों की मौत

मुरादाबाद/बरेली, अमृत विचार। मुरादाबाद जिले में हुए एक भीषण सड़क हादसे में बरेली के रहने वाले दो व्यक्तियों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा दलपतपुर पुलिस चौकी के पास हुआ, जहां लकड़ी से लदी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टरट्रॉली ने ईको कार को जोरदार टक्कर मार दी। मृतक हरियाणा में मजदूरी कर अपने गांव लौट रहे थे। इस दुखद घटना के बाद मृतकों के गांव में मातम पसरा हुआ है।

धान की रोपाई कर घर लौट रहे थे दोनों
जानकारी के अनुसार, मृतक बरेली जिले के विकासखंड भदपुरा के अंतर्गत आने वाले ग्राम बिहारीपुर पीतम राम के निवासी थे। मृतकों की पहचान सुमेरमल पुत्र मोहनलाल और साधु राम पुत्र रामेश्वर दयाल के रूप में हुई है। दोनों ग्रामीण हरियाणा में धान की रोपाई का काम करने गए थे। काम खत्म होने के बाद वे ईको गाड़ी में सवार होकर वापस अपने गांव बिहारीपुर पीतम राम लौट रहे थे।

एक ने मौके पर, दूसरे ने रास्ते में तोड़ा दम
मुरादाबाद में दलपतपुर पुलिस चौकी के पास उनकी ईको गाड़ी पहुंची ही थी कि तभी लकड़ी से लदी एक ट्रैक्टरट्रॉली ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 35 वर्षीय सुमेरमल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल 45 वर्षीय साधु राम को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर भारी अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और शवों को कब्जे में लिया।

गांव में पसरा मातम, पोस्टमार्टम के बाद सौंपे जाएंगे शव
हादसे की सूचना जैसे ही बरेली के ग्राम बिहारीपुर पीतम राम पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। ग्राम प्रधान पति जयवीर वर्मा ने बताया कि पुलिस द्वारा दोनों शवों का पोस्टमार्टम मुरादाबाद में कराया जा रहा है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन से पीड़ित परिवारों को हर संभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

ये भी पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *