राज्यसभा के लिए रामगोपाल यादव आज करेंगे नामांकन… दो पर सस्पेंस, अखिलेश के ‘सरप्राइज’ पर टिकी निगाहें​

राज्यसभा के लिए रामगोपाल यादव आज करेंगे नामांकन… दो पर सस्पेंस, अखिलेश के ‘सरप्राइज’ पर टिकी निगाहें​

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी में सियासी हलचल तेज हो गई है. मंगलवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव के आवास पर करीब दो घंटे तक चली बैठक के बाद भी पार्टी के सभी उम्मीदवारों के नाम पर तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं हो सकी. फिलहाल इतना तय है कि प्रोफेसर रामगोपाल यादव बुधवार को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन करेंगे, जबकि बाकी दो नामों को लेकर सस्पेंस बरकरार है.

बैठक में अखिलेश यादव के अलावा प्रोफेसर रामगोपाल यादव और पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन मौजूद रहे. बैठक के बाद सबसे महत्वपूर्ण बात यह सामने आई कि रामगोपाल यादव का नाम तय है और वह कल नामांकन करेंगे. लेकिन दूसरे और तीसरे उम्मीदवार के नाम पर अभी अंतिम फैसला होना बाकी है.

तीसरे नाम पर सबसे ज्यादा सस्पेंस

सपा में सबसे ज्यादा चर्चा तीसरे उम्मीदवार को लेकर है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक अखिलेश यादव इस सीट पर कोई चौंकाने वाला नाम सामने ला सकते हैं. अखिलेश यादव ने दो दिन पहले भी संकेत दिया था कि राज्यसभा उम्मीदवारों में एक नाम सरप्राइज हो सकता है. इसी के बाद सपा के संभावित उम्मीदवारों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. चर्चा है कि दक्षिण भारत से जुड़े किसी कारोबारी चेहरे को भी सपा राज्यसभा भेज सकती है.

सलीम इकबाल शेरवानी ने भी जताई दावेदारी

वहीं सपा के वरिष्ठ नेता सलीम इकबाल शेरवानी भी राज्यसभा की दौड़ में अपना दावा पेश कर चुके हैं. शेरवानी की अखिलेश यादव से मुलाकात हुई थी और उन्होंने राज्यसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। बताया जा रहा है कि अखिलेश यादव ने उन्हें दो दिन इंतजार करने की बात कही थी. शेरवानी ने यह भी कहा है कि अगर वह चुनाव लड़ते हैं तो जीतने के लिए लड़ेंगे, हारने के लिए नहीं. ऐसे में उनके नाम को लेकर भी सपा के भीतर चर्चा बनी हुई है.

हालांकि, शेरवानी के अलावा भी कुछ चौंकाने वाले नामों पर चर्चा की जा रही है. यही वजह है कि आलोक रंजन का नाम चर्चा में सबसे आगे रहने के बावजूद अब उनके नाम पर भी अंतिम मुहर का इंतजार है.

तीसरी सीट के लिए विधायकों से लगातार मंथन

सपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती तीसरी राज्यसभा सीट को लेकर है. पार्टी के भीतर लगातार विधायकों के साथ बैठकें और रणनीतिक चर्चा चल रही हैं. सूत्रों के मुताबिक, सपा विधायक नेतृत्व को भरोसा दिला रहे हैं कि तीसरी सीट भी जीती जा सकती है. पार्टी के भीतर यह दावा भी किया जा रहा है कि एनडीए और भाजपा के कुछ सहयोगी दलों के विधायक संपर्क में हैं.

सरप्राइज चेहरे तक कई नाम चर्चा

ऐसे में सपा के लिए उम्मीदवार का चयन केवल नाम तय करने तक सीमित नहीं है, बल्कि तीसरी सीट के लिए जरूरी राजनीतिक गणित को साधने की कवायद भी इससे जुड़ी है. यानी राज्यसभा चुनाव में सपा की रणनीति का सबसे बड़ा सस्पेंस अभी बरकरार है. आलोक रंजन, सलीम इकबाल शेरवानी से लेकर किसी सरप्राइज चेहरे तक कई नाम चर्चा में हैं, लेकिन अंतिम फैसला अखिलेश यादव के ऐलान के बाद ही साफ होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *