राज्य सरकार कैसे सर्वोच्च सम्मान वापस लेती है? बंगाल BJP सांसद से छिना ‘बंग विभूषण’

राज्य सरकार कैसे सर्वोच्च सम्मान वापस लेती है? बंगाल BJP सांसद से छिना ‘बंग विभूषण’

पश्चिम बंगाल सरकार ने भाजपा से राज्यसभा सदस्य नागेंद्र नाथ रॉय उर्फ अनंत महाराज से राज्य सरकार की ओर से दिया जाने वाला बंग विभूषण सम्मान वापस ले लिया है. यह कार्रवाई नेताजी सुभाष चंद्र बोस पर उनकी कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के बाद हुई है. रॉय को यह सम्मान 21 फरवरी 2026 को ममता बनर्जी की सरकार में दिया गया था. अब शुभेन्दु सरकार ने एक आदेश के जरिए सम्मान तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है.

सरकार ने इसका स्पष्ट कारण न बताते हुए सिर्फ इतना कहा है कि कुछ तथ्य और परिस्थितियां सामने आईं, जिनकी वजह से यह फैसला लिया गया है.

सम्मान वापस लेने का मतलब क्या है?

राज्य सम्मान कोई निर्वाचित पद नहीं होता. यह सरकार की ओर से दी गई सार्वजनिक मान्यता होती है. इसे पदक, प्रशस्ति पत्र, शॉल, स्मृति चिह्न या नकद राशि के रूप में दिया जा सकता है. सम्मान वापस लेने का अर्थ यह नहीं है कि व्यक्ति की नागरिकता, सांसद पद या दूसरे कानूनी अधिकार खत्म हो जाते हैं.

भाजपा सांसद अनंत महाराज को 21 फरवरी 2026 को ‘बंग विभूषण’ सम्मान दिया गया था.

इसका सीधा मतलब इतना है कि व्यक्ति अब उस राज्य सम्मान का प्राप्तकर्ता नहीं माना जाएगा. उसका नाम सम्मानित लोगों की आधिकारिक सूची से हटाया जा सकता है. वह आगे अपने नाम के साथ उस सम्मान का उल्लेख भी नहीं कर सकेगा. उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों को प्राप्तकर्ताओं की सूची से नागेंद्र नाथ रॉय उर्फ अनंत महराज का नाम हटाने का निर्देश दिया गया है. इस आदेश के तत्काल प्रभाव से लागू होने की बात भी कही गई है.

क्या इसके लिए अलग कानून जरूरी है?

राज्य सम्मान के लिए विधान सभा से कानून पास होना जरूरी नहीं है. कई सम्मान सरकार के कार्यपालिका अधिकार से शुरू किए जाते हैं. सरकार इन्हें मंत्रिमंडल के फैसले, विभागीय योजना, अधिसूचना या प्रशासनिक आदेश से चलाती है. ऐसे मामलों में सम्मान देने और वापस लेने की शक्ति भी सामान्यत उसी सरकार या सक्षम विभाग के पास रहती है. लेकिन यह शक्ति असीमित नहीं होती. फैसला मनमाना नहीं होना चाहिए. उसका रिकॉर्ड होना चाहिए. कारण स्पष्ट होने चाहिए. निर्णय सम्मान की शर्तों तथा सार्वजनिक हित से जुड़ा होना चाहिए.

यदि सम्मान की मूल नियमावली में रद्द करने का प्रावधान है, तो सरकार उसी के आधार पर आगे बढ़ती है. यदि प्रावधान स्पष्ट नहीं है, तब भी सरकार अपने प्रशासनिक फैसले की समीक्षा कर सकती है. खासकर तब, जब बाद में गलत जानकारी, धोखाधड़ी, गंभीर आपराधिक आरोप, फर्जी दस्तावेज या सम्मान की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाले तथ्य सामने आएं.

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी.

किन आधारों पर सम्मान रद्द हो सकता है?

राज्य सरकारें आमतौर सम्मान वापस लेने पर विचार कर सकती हैं. अगर सम्मान पाने के लिए गलत जानकारी दी गई हो, दस्तावेजों में हेराफेरी की गई हो, गंभीर अपराध में दोषी पाया गया हो. सार्वजनिक जीवन में ऐसा आचरण करना, जिससे सम्मान की गरिमा प्रभावित हो. सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय प्रतीकों या महत्त्वपूर्ण सार्वजनिक मूल्यों के खिलाफ गंभीर आचरण करने वाले व्यक्ति से भी सम्मान वापस लिया जा सकता है.

पुरस्कार का राजनीतिक, व्यावसायिक या भ्रामक इस्तेमाल करने पर भी सरकार इस तरह के फैसले ले सकती है. हर विवादित बयान सम्मान वापसी का आधार बने, यह जरूरी नहीं है. सरकार को कारणों का संबंध सम्मान की मर्यादा से दिखाना होता है. व्यक्ति के पास आदेश को अदालत में चुनौती देने का अधिकार भी रहता है.

निष्पक्ष प्रक्रिया क्यों जरूरी है?

सम्मान वापस लेना केवल राजनीतिक संदेश नहीं होना चाहिए. यह एक प्रशासनिक निर्णय है. इसलिए प्रक्रिया साफ होनी चाहिए. आदर्श स्थिति में सरकार को व्यक्ति को नोटिस देना चाहिए. उसे अपना पक्ष रखने का मौका मिलना चाहिए. फिर सक्षम प्राधिकारी कारण दर्ज कर फैसला दे. हालांकि, हर मामले में पहले सुनवाई जरूरी होगी या नहीं, यह सम्मान की नियमावली और परिस्थितियों पर निर्भर करता है. यदि सरकार तत्काल रद्द करने का आदेश देती है, तो अदालत यह देख सकती है कि फैसला उचित था या नहीं. अदालत आम तौर पर यह जांचती है कि आदेश दुर्भावना से तो नहीं दिया गया, क्या कारण दर्ज हैं, और क्या प्रक्रिया न्यायसंगत थी?

साल 2011 में शुरू हुआ बंग विभूषण सम्मान

बंग विभूषण पश्चिम बंगाल सरकार का प्रमुख नागरिक सम्मान माना जाता है. यह साहित्य, कला, संगीत, खेल, शिक्षा, विज्ञान, समाज सेवा और सार्वजनिक योगदान जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वालों को दिया जाता रहा है. नागेंद्र रॉय के मामले में सरकार ने किसी आपराधिक सजा का आधार नहीं बताया है. इसलिए इसे एक प्रशासनिक और प्रतीकात्मक कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है. आपराधिक कार्रवाई का सवाल अलग कानूनी प्रक्रिया से तय होगा. इस सम्मान की शुरुआत ममता बनर्जी ने सीएम के रूप में साल 2011 में किया था. तब से यह लगातार दिया जाता रहा है. देखना होगा कि नई भाजपा सरकार इसे काम को आगे बढ़ाएगी या फिर रोक देगी.

महाराष्ट्र ने शुरू 1995 में शुरू किया महाराष्ट्र भूषण सम्मान

महाराष्ट्र में महाराष्ट्र भूषण राज्य का सबसे प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान माना जाता है. यह साहित्य, कला, विज्ञान, समाज सेवा, प्रशासन, खेल और अन्य क्षेत्रों में असाधारण योगदान के लिए दिया जाता है. ऐसे सम्मान का चयन आमतौर पर सरकार और चयन समिति की प्रक्रिया से होता है. यदि बाद में सम्मानित व्यक्ति के बारे में गंभीर और प्रमाणित तथ्य सामने आएं, तो सरकार अपने आदेश की समीक्षा कर सकती है. लेकिन केवल राजनीतिक मतभेद या आलोचना को स्वत सम्मान वापसी का आधार नहीं माना जा सकता. महाराष्ट्र भूषण सम्मान साल 1995 में शुरू हुआ. साल 1996 में यह सम्मान पाने वाले पहले साहित्यकार, रंगकर्मी पु. ल. देशपांडे थे.

कर्नाटक में दिया जाता है कर्नाटक रत्न

कर्नाटक रत्न. कर्नाटक राज्य के सर्वोच्च सम्मानों में गिना जाता है. यह असाधारण सार्वजनिक योगदान के लिए दिया जाता है. इसका महत्व केवल पुरस्कार तक सीमित नहीं है. यह राज्य की सामूहिक श्रद्धा का भी प्रतीक है. यदि किसी सम्मानित व्यक्ति के खिलाफ गंभीर तथ्य सामने आते हैं, तो राज्य सरकार को लिखित और तर्कसंगत आदेश देना चाहिए. सम्मान वापस लेने से पहले चयन रिकॉर्ड, आरोपों की प्रकृति और उपलब्ध प्रमाण देखना जरूरी होगा. कर्नाटक रत्न की शुरुआत साल 1992 में की गई थी.

उत्तर प्रदेश में दिया जाता था यश भारती सम्मान

उत्तर प्रदेश में यश भारती सम्मान लंबे समय तक राज्य का चर्चित नागरिक सम्मान रहा है. इसे साहित्य, संस्कृति, खेल, शिक्षा और सार्वजनिक जीवन के लोगों को दिया गया. बाद के वर्षों में इसकी निरंतरता और स्वरूप पर सरकारी स्तर पर बदलाव हुए. बीते कई सालों से यह सम्मान नहीं दिया गया है. इस सम्मान की शुरुआत सीएम के रूप में मुलायम सिंह यादव ने शुरू किया था. उनके बेटे अखिलेश यादव ने भी इसे बरकरार रखा. यह उदाहरण बताता है कि राज्य सरकारें न केवल किसी व्यक्ति का सम्मान रद्द कर सकती हैं, बल्कि पूरी पुरस्कार योजना को भी बदल, रोक या समाप्त कर सकती हैं. क्योंकि ऐसी योजनाएं प्राय सरकारी नीति और प्रशासनिक निर्णय से चलती हैं.

राज्य सम्मान और राजनीतिक विवाद

राज्य सम्मान का मकसद श्रेष्ठ काम को पहचान देना है. इसलिए सम्मान देने और वापस लेने, दोनों में सावधानी जरूरी है. सरकार को यह देखना चाहिए कि कार्रवाई तथ्यों पर आधारित हो. नियम समान हों. और फैसला राजनीतिक बदले जैसा न लगे. पश्चिम बंगाल का मामला इस बहस को फिर सामने लाता है. सम्मान केवल एक पदक नहीं है. वह राज्य की प्रतिष्ठा से जुड़ा प्रतीक है. लेकिन सम्मान की गरिमा बचाने के साथ निष्पक्ष प्रक्रिया, स्पष्ट कारण और कानूनी जवाबदेही भी उतनी ही जरूरी है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। यह भी तथ्य है कि अभी तक किसी भी राज्य सरकार ने दिया गया सम्मान वापस नहीं लिया है. इस रूप में पश्चिम बंगाल का मामला पहला माना जाना चाहिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *