IIT Kharagpur News: देश के सबसे प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में शुमार IIT खड़गपुर एक बार फिर एक होनहार छात्र की रहस्यमयी मौत से दहल उठा है. राजस्थान का रहने वाला 19 वर्षीय अंकित शर्मा, जो मैकेनिकल इंजीनियरिंग द्वितीय वर्ष का छात्र था, गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे परिसर की प्रसिद्ध नालंदा बिल्डिंग की चौथी मंजिल से नीचे गिर गया.
कैंपस में लगातार हो रही मौतों और आत्महत्याओं के सिलसिले के बीच इस घटना ने छात्रों, अभिभावकों और प्रशासन को झकझोर कर रख दिया है.

प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, दोपहर 3:00 बजे नालंदा बिल्डिंग के पास अचानक एक तेज आवाज हुई. वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने देखा कि अंकित शर्मा जमीन पर लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था. ऑनड्यूटी सुरक्षा गार्ड्स ने बिना वक्त गंवाए अंकित को परिसर के ही बी.सी. रॉय अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद अंकित को मृत घोषित कर दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही खड़गपुर थाने के तहत आने वाली हिजली पुलिस चौकी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
हादसा, आत्महत्या या कुछ और? पुलिस जांच में जुटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बुशरा बानो ने खुद घटनास्थल का दौरा किया. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा आज कैंपस के अंदर एक अप्राकृतिक मौत हुई है. छात्र इमारत की चौथी मंजिल से नीचे गिरा, लेकिन असल में उस वक्त क्या हुआ था, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस हर एंगल से मामले की गहन जांच कर रही है.
IIT खड़गपुर बना ‘डेथ जोन’? ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। 5 महीने में 7वीं अप्राकृतिक मौत
इस घटना ने एक बार फिर IIT खड़गपुर में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य, परिसर में सुरक्षा के इंतजाम और बढ़ते दबाव पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. चौंकाने वाली बात यह है कि इस साल परिसर के भीतर अप्राकृतिक मौतों का यह कोई पहला मामला नहीं है. 5 महीने में इस तरह 7 मौतें हो चुकी हैं.
29 जुलाई: इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के 36 वर्षीय प्रोफेसर डॉ. दीपक रेड्डी पुल्लागुरम अपने स्टाफ क्वार्टर ‘2 BR14’ में फंदे से लटके पाए गए थे.
28 अप्रैल: एम.टेक के 22 वर्षीय छात्र सोहम हालदार ने मदनमोहन मालवीय हॉस्टल में अपने बंद कमरे में फांसी लगा ली थी.
18 अप्रैल: बी.टेक तृतीय वर्ष के छात्र जयवीर सिंह डोडिया की हॉस्टल की 8वीं मंजिल से कूदकर संदिग्ध मौत हुई थी.
लगातार हो रही इन मौतों से कैंपस का माहौल गमगीन और तनावपूर्ण बना हुआ है.