
लखनऊ, अमृत विचार: डालीगंज स्थित श्री माधव मंदिर से गुरुवार को भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा और भगवान बलभद्र की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। वैदिक पूजन, महाआरती और 56 प्रकार के भोग अर्पित करने के बाद भगवान को सुसज्जित रथ पर विराजमान कराया जाएगा। श्रद्धालु रथ की रस्सी खींचकर यात्रा का शुभारंभ करेंगे।
रथ यात्रा के दौरान स्वर्णिम झाड़ू सेवा, पुष्पवर्षा, इत्र वर्षा और जयघोष के बीच भगवान का स्वागत होगा। उज्जैन की तर्ज पर डमरुओं के साथ महाआरती भी होगी। यात्रा में विंटेज कार पर राधाकृष्ण, भगवान शिव और हनुमान की झांकियां, नासिक ढोल दल, वानर सेवा दल तथा चलती संकीर्तन टोली आकर्षण का केंद्र रहेंगे। श्रद्धालुओं को जामुन, मीठे चावल और बूंदी का महाप्रसाद वितरित किया जाएगा।
डालीगंज से निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा
रथ यात्रा श्री माधव मंदिर से शुरू होकर नजीरगंज, शंकरनगर, रामकृष्ण मठ, अयोध्या रोड, डॉ. पन्नालाल चौराहा, डालीगंज पुल, हसनगंज और डालीगंज बाजार होते हुए पुन मंदिर पहुंचेगी। यात्रा का सीधा प्रसारण फेसबुक पेज RadhaMadhavLKO पर किया जाएगा। 15 फीट ऊंचा हनुमान ध्वज, 10 स्थानों पर पुष्पवर्षा और 501 दीपों की महाआरती भी प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
जगन्नाथ शोभायात्रा आज
भगवान जगन्नाथ सेवा समिति ऐशबाग की ओर से 16 जुलाई को विशेष शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष गुलशन जौहर के संयोजन में शोभा यात्रा शाम 6 बजे मास्टर कन्हैया लाल रोड से शुरू होगी। शोभायात्रा टिकैतगंज, नेहरू क्रॉस से सिद्धनाथ मंदिर होते हुए गुरुद्वारा यहियागंज से मूलचंद रस्तोगी अस्पताल होते हुए नवाबगंज, ऐशबाग फाटक, वाटर वर्क्स रोड, पीली कॉलोनी आईटी कॉलोनी ऐशबाग में सम्पन्न होगी। शोभा यात्रा का संचालन सचिव साकेत शर्मा एवं गणेश प्रकाश वर्मा, संदीप शर्मा एवं समिति के अन्य पदाधिकारियों द्वारा किया जाएगा।
इस्कान मन्दिर में मनाया गया गुण्डिचा मार्जिन महोत्सव
उड़ीसा में जगन्नाथ जी नीलांचल से सुन्दरांचल को आते हैं तब चैतन्य महाप्रभु के निर्देशानुसार सभी गुण्डिचा मार्जिन महोत्सव मनाते हैं। जिसमें भक्तगण कोई भी संसारिक प्रजल्पा न करते हुए हरिहरि बोल, हरे कृष्णा एवं जय जगन्नाथ का उच्चारण करते हुए 100 मटके, 100 झाडू से मंदिर के कोनेकोने की सफाई करते हुए जगन्नाथ जी का स्वागत करते हैं।
सुशांत गोल्फ सिटी स्थित राधा रमण बिहारी मन्दिर इस्कान के अध्यक्ष अपरिमेय श्यामदास के दिशा निर्देशन में बुधवार को गुण्डिचा मार्जिन महोत्सव मनाया गया।
जिसमें इस्कॉन के ग्रहस्थ भक्तों, प्रभुपाद यूथ आर्मी, आईवाईएफ एवं आईजीएफ ने भाग लेकर सम्पूर्ण मन्दिर परिसर को जगन्नाथ जी के स्वागत के लिए हरिनाम संकीर्तन करते हुए स्वच्छ किया। शाम को 4:30 बजे राधा रमण बिहारी मंदिर में जगन्नाथ जी की विशेष आरती की गयी।
ये भी पढ़ें :