
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में जनेश्वर मिश्र पार्क के सामने एक युवती को तेज रफ्तार कार से टक्कर मारने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान शाहनवाज के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी और पीड़िता पहले से एक-दूसरे को जानते थे। मामले में युवती ने आरोपी पर पहचान छिपाकर संबंध बनाने का आरोप लगाया है। हालांकि, इस मामले से जुड़े अन्य आरोपों की जांच पुलिस की ओर से की जा रही है।
कार की बोनट पर युवती को घसीटने का वीडियो वायरल
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। वीडियो में एक युवती कार की बोनट पर दिखाई दे रही है और कार आगे बढ़ती नजर आ रही है। इसके बाद कार सवार युवक मौके से फरार होता दिखाई देता है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, युवती को मेडिकल जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा गया।
पहचान छिपाने का लगाया आरोप
पुलिस के मुताबिक, युवती ने आरोप लगाया है कि शाहनवाज ने कथित तौर पर अपनी पहचान छिपाकर खुद को ‘यश ठाकुर’ बताया था और उसके साथ संबंध बनाए थे। बाद में युवती को उसकी पहचान के बारे में जानकारी हुई, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ।
बताया जा रहा है कि घटना के समय आरोपी किसी अन्य युवती के साथ जनेश्वर मिश्र पार्क के पास मौजूद था। इसी दौरान पीड़िता ने उसे देखा और रोकने की कोशिश की। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने कार आगे बढ़ा दी और युवती को टक्कर मार दी।
कार नंबर के आधार पर आरोपी गिरफ्तार
वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार की पहचान करने के लिए जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, कार के नंबर के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस मामले में वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़िता के बयान समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। घटना के पीछे की पूरी वजह और विवाद की परिस्थितियां जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होंगी।