
Image Source : KUNAL KAPUR/YT
Quick Samachar: ज्यादातर लोगों को लौकी का स्वाद अच्छा नहीं लगता है लेकिन इस बात को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है कि लौकी में मौजूद तमाम पोषक तत्व आपकी सेहत के लिए काफी ज्यादा फायदेमंद साबित हो सकते हैं। इसलिए लौकी को इस तरह से डाइट प्लान में शामिल कीजिए कि आपको टेस्ट और पोषण दोनों मिल पाएं। आज हम आपको लौकी का स्वादिष्ट-चटपटा चीला बनाना सिखाएंगे। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि लौकी का चीला बनाने के लिए आपको एक लौकी कद्दूकस की हुई, 4 स्पून बेसन, 2 स्पून दही, 2 स्पून सूजी, 2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई, एक स्पून हरा धनिया बारीक कटा हुआ, एक छोटा स्पून चाट मसाला, नमक और तेल की जरूरत पड़ेगी।
पहला स्टेप- लौकी का चीला बनाने के लिए आपको सबसे पहले लौकी को छीलकर धो लेना है और फिर लौकी को कद्दूकस करके हल्का सा निचोड़कर अलग रख दीजिए।
दूसरा स्टेप- इसके बाद एक कटोरे में बेसन और सूजी निकाल लीजिए। इसी कटोरी में कद्दूकस की हुई लौकी एड कर सभी चीजों को मिक्स कर लीजिए।
तीसरा स्टेप- अब आपको कटोरे में दही, बारीक कटी हुई हरी मिर्च, बारीक कटा हुआ हरा धनिया और नमक निकालना है। इसके बाद धीरे-धीरे इस मिश्रण में पानी एड करते हुए सभी चीजों को मिलाते जाइए।
चौथा स्टेप- लौकी के चीले के लिए एक गाढ़ा घोल तैयार हो जाएगा। आपको इस घोल को थोड़ी देर के लिए ढककर छोड़ देना है।
पांचवां स्टेप- एक पैन को मीडियम फ्लेम पर गर्म कर तेल को अच्छी तरह से फैला लीजिए। गर्म तवे पर एक चमचे घोल को स्प्रेड कर लीजिए।
छठा स्टेप- ऊपर और नीचे की साइड तेल एड कर लौकी के चीले को दोनों साइड से तब तक पकाइए और सेंकिए, जब तक ये गोल्डन और कुरकुरा न हो जाए।
आप गर्मागर्म चीले के ऊपर चाट मसाला बुरककर हरी चटनी या फिर टोमैटो सॉस के साथ इसके स्वाद का लुत्फ उठा सकते हैं। बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को पोषक तत्वों से भरपूर लौकी के चीले का स्वाद काफी ज्यादा पसंद आने वाला है। आपको कम से कम एक बार इस रेसिपी को जरूर ट्राई करके देखना चाहिए।
💬 Comments (0)
Leave a Comment