
लखनऊ। बेसिक शिक्षा विभाग की ऑनलाइन समीक्षा बैठकों में अब अधिकारियों की लापरवाही पर लगाम लगाई जाएगी। निदेशालय स्तर से होने वाली हर ऑनलाइन बैठक में मंडल स्तर से सहायक शिक्षा निदेशक और जिला स्तर से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की मौजूदगी अनिवार्य कर दी गई है। शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी ने इस संबंध में सभी अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। आदेश के मुताबिक, यदि किसी अपरिहार्य कारण से अधिकारी बैठक में शामिल नहीं हो पाते हैं तो उन्हें अपने स्थान पर किसी वरिष्ठ अधीनस्थ अधिकारी को अधिकृत कर भेजना होगा।
बैठकों में कम भागीदारी पर विभाग सख्त
विभाग के अनुसार, कई ऑनलाइन समीक्षा बैठकों में अपेक्षित सहभागिता नहीं मिल रही थी। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। कई बार बीएसए स्वयं बैठक में शामिल नहीं होते थे और न ही किसी अधिकृत अधिकारी को भेजा जाता था। इसे गंभीरता से लेते हुए अब अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है।
आधिकारिक ईमेल आईडी से ही जुड़ना होगा
नए निर्देशों के तहत अधिकारी केवल अपनी आधिकारिक ईमेल आईडी से ही ऑनलाइन बैठक में शामिल होंगे। इसके अलावा एक जिले या मंडल से केवल एक अधिकृत लॉगिन आईडी के माध्यम से ही भागीदारी की अनुमति होगी। बेसिक शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन समीक्षा बैठकें अब सिर्फ औपचारिक प्रक्रिया नहीं रहेंगी, बल्कि योजनाओं की निगरानी, प्रगति की समीक्षा और समयबद्ध निर्णयों के पालन का प्रभावी माध्यम बनाई जाएंगी।