सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर बाल सुधार गृह से दो किशोर फरार, पुलिस ने घर से किया बरामद

सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर बाल सुधार गृह से दो किशोर फरार, पुलिस ने घर से किया बरामद
सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर बाल सुधार गृह से दो किशोर फरार, पुलिस ने घर से किया बरामद

संवाददाता, रायबरेली, अमृत विचार। जिले के बाल सुधार गृह में सुरक्षा व्यवस्था की घोर लापरवाही से दो किशोर रात के अंधेरे का फायदा उठा कर भाग गए। पुलिस महकमे की सुरक्षा को ठेंगा दिखाते हुए दोनो किशोर शनिवार की रात दीवार फांदकर फरार हो गए।  घटना की जानकारी होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दोनों किशोरों को बरामद कर लिया। इसके बाद अफसरों ने राहत की सांस ली।

राजकीय बाल संप्रेक्षण गृह में कुल 53 किशोर निरुद्ध थे। जिसमे से दो किशोर सुरक्षा घेरे को चकमा देते हुए बाउंड्री वॉल फांदकर रफूचक्कर हो गए। दोनो फरार हुए किशोरों में से एक ऊंचाहार और दूसरा शिवगढ़ क्षेत्र का बताया जा रहा है। घटना के बाद हरकत में आई पुलिस और सुधार गृह की टीम ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया। देर रात ही दोनों फरार किशोरों को उनके पैतृक आवासों से सकुशल बरामद कर लिया गया है। 

सुरक्षा व्यवस्था मे हुई  लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी अधीक्षक रन बहादुर वर्मा ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। उनकी तहरीर के आधार पर शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में ड्यूटी पर तैनात केयरटेकर सत्य प्रकाश समेत तीन होमगार्ड जवानों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। क्षेत्राधिकारी आशीष निगम ने बताया कि मामले की जांचपड़ताल चल रही है। दोनो किशोर को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है।सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामला दर्ज कराते हुए कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *