मेरठ पुलिस द्वारा गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी उजैद से पूछताछ में जम्मूकश्मीर के सैन्य एयरबेस पर फिदायीन हमले की साजिश और पाकिस्तान से जुड़े ऑनलाइन कट्टरपंथी नेटवर्क का खुलासा हुआ है. पुलिस और जांच एजेंसियों के अनुसार, वह करीब 10 महीने से फरार था और सोशल मीडिया के जरिए युवकों को जोड़ने एवं कट्टरपंथी बनाने का काम कर रहा था.

जांच में उसके संपर्क पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी और उसके गैंग से जुड़े होने की बात सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान और पीओके से जुड़े हैंडलर्स सोशल मीडिया के जरिए ऑनलाइन ट्रेनिंग और भर्ती चला रहे थे.
सेना के चेक पोस्ट और आर्मी के काफिले पर हमले की साजिश
उजैद से पूछताछ में पाकिस्तान में बैठे आतंकियों और ISI के इशारे पर भारत में बड़े फिदायीन हमले की तैयारी का खुलासा है. सेना के चेक पोस्ट और आर्मी के काफिले को निशाना बनाने की साजिश रची जा रही थी. इसके साथ ही VIP लोगों और देश के कई महत्वपूर्ण स्थानों को भी निशाना बनाने के लिए युवाओं को तैयार किया जा रहा था.
सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को आतंक की ट्रेनिंग
PoK के आमिर हमजा, अबू मुसाब, फुरकान और कामरान सोशल मीडिया के जरिए इन युवाओं को आतंक की ट्रेनिंग दे रहे थे. ISI का करीबी आतंकी गैंगस्टर शहजाद भट्टी भी इस नेटवर्क में शामिल है. पूछताछ में पता चला कि सोशल मीडिया पर कई ग्रुप बनाकर युवाओं को आतंकी गतिविधियों से जोड़ने का काम किया जा रहा था.
नए लड़कों की भर्ती करने और उन्हें आतंकी हमलों के लिए तैयार करने की जिम्मेदारी उजैद को दी गई थी. सोशल मीडिया पर आतंकी नेटवर्क के अकाउंट और ग्रुप बनाए गए थे जिनके नाम भी सामने आए हैं.
उजैद ने इंस्टाग्राम पर 4 संदिग्ध ID बनाई थीं
Ibneaadam99
Kmaran786
Drugsjihadi
Abumusailhafs
इंस्टाग्राम और सेशन ऐप पर दो ग्रुप बनाए
इंस्टाग्राम और सेशन ऐप पर Tution40 और Brigade नाम से दो ग्रुप बनाए गए थे. इन ग्रुपों में PoK के आमिर हमजा, अबू मुसाब, फुरकान और कामरान शामिल थे.इंस्टाग्राम पर AlMuzzahid नाम से भी एक अलग ग्रुप बनाया गया था. इसके अलावा शहजाद भट्टी के बनाए ग्रुप से भी उजैद जुड़ा हुआ था.
ऐसे आतंकी नेटवर्क के संपर्क में आया उजैद
साल 2025 में जम्मू में आतंकी साजिद की गिरफ्तारी के बाद उजैद का नाम सामने आया था. इसके बाद से उजैद पिछले 10 महीने से फरार चल रहा था. सोमवार को जम्मू पुलिस और मेरठ की कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर उजैद को गिरफ्तार किया था.
पूछताछ में पता चला कि उजैद सोशल मीडिया पर आतंकी और कट्टरपंथी ग्रुपों से जुड़ा हुआ था. इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भारत विरोधी वीडियो देखता था और आतंकी विचारधारा से जुड़े वीडियो पर कमेंट करता था.
एक वीडियो पर ‘हम भी तैयार हैं’ कमेंट करने के बाद वह आतंकी साजिद के संपर्क में आया. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। उजैद को उत्तर प्रदेश में युवाओं और किशोरों को आतंकी गतिविधियों से जोड़ने का टास्क दिया गया था. वह किशोरों के मोबाइल पर आतंकी संगठनों से जुड़े वीडियो भेजता था और बाद में उन्हें डिलीट कर देता था.
फिदायीन हमले की योजना
साल 2025 में आर्मी के बड़े चेक पोस्ट या सैन्य काफिले पर फिदायीन हमले की योजना बनाई गई थी. साजिद को हमले से पहले रेकी करने की जिम्मेदारी दी गई थी. वहीं उजैद को हथियार और विस्फोटक जैकेट उपलब्ध कराकर हमले को अंजाम देना था. उजैद को इस हमले के लिए ट्रेनिंग भी दी गई थी.अब पुलिस उजैद से जुड़े दूसरे लोगों और पूरे आतंकी नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है.